
चंबल नहरों के टेल क्षेत्र में सिंचाई के पानी की समस्या को लेकर 19 गांवों के किसान 25 अक्टूबर को महापंचायत करेंगे। यह सुबह 10 बजे बड़ाखेड़ा-माखीदा मेन रोड पर भैरूजी के बाग में होगी। किसान गांव-गांव संपर्क कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि चंबल नहरों से टेल क्षेत्र के गांवों को समय पर पानी नहीं मिलता। इससे हर साल खेती पर असर पड़ता है और आर्थिक नुकसान होता है।
उनकी मांग है कि ईआरसीपी परियोजना से नहरों में पर्याप्त पानी मिले। इससे करीब 50 हजार बीघा कृषि जमीन को सिंचाई का फायदा होगा और फसलें समय पर बोई जा सकेंगी।
महापंचायत में किसान अपनी मांग सरकार तक पहुंचाएंगे। आयोजकों ने किसानों और जनप्रतिनिधियों से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की है। इसमें कोटा खुर्द, गोहाटा, लबान, बगली, बहड़ावली, खाखटा, माखीदा, सामरा, पिपल्दा थाना, बसवाड़ा, पाली, कांकरामेज, करीरिया, बड़ा खेड़ा, जाड़ला, पापड़ी, खरायता, रामगंज और लबान स्टेशन जैसे 19 गांव शामिल हैं।







