
पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में कहा कि यहां का आलू दुनिया भर में मशहूर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा,
बनासकांठा में आकर कोई नहीं कहता कि आलू से सोना बनाएंगे, क्योंकि यहां के लोग पहले ही आलू से सोना बना रहे हैं।
मोदी की सभा में किसानों के बैठने के लिए कुर्सियों की जगह चारपाइयां बिछाई गई थीं। इस पर उन्होंने कहा कि देश के लोगों के लिए यह अजूबा होगा कि एक सभा में सभी लोग चारपाई पर बैठे हैं।
बनासकांठा के लोगों ने गांवों की इस पुरानी परंपरा को जिंदा रखा है। अगर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड वालों को बुलाया होता तो यह रिकॉर्ड में दर्ज हो जाता।
इस दौरान पीएम ने किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को ₹18,690 करोड़ से अधिक की रकम मिलेगी। उन्होंने ₹14 हजार करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई।

पीएम ने बनासकांठा में रोड शो किया।

PM मोदी ने IVF लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का दौरा किया। गुजरात के सीएम और डिप्टी सीएम ने उनका स्वागत किया।
पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। शनिवार को वह एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे।







