
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद अब ‘मुरासु’ आ गया। लेकिन इस चक्रवात का असर राजस्थान में नहीं रहेगा। आज सुबह श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में हल्का कोहरा रहा।
सुबह सर्दी भी तेज रही। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 10 नवंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। दिनभर धूप रहने से मौसम सुहावना रहेगा, जबकि रात में हल्की सर्दी रहेगी।
सबसे पहले- राजस्थान के मौसम की PHOTO…

श्रीगंगानगर शहर व आसपास के एरिया में मंगलवार सुबह कोहरा छाने के कारण विजिबिलिटी कम रही।

दिन का तापमान चढ़ा, रात में हल्की सर्दी बढ़ी
पिछले 24 घंटे में राज्य के सभी शहरों का आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप रही। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, सीकर, अलवर, जयपुर समेत अधिकांश शहरों में सोमवार को अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
रात का पारा गिरने से सर्दी बढ़ी
रात में जहां तापमान चढ़ने से धूप तेज होने लगी है, वहीं रात में तेजी से तापमान में गिरावट हो रही है। सोमवार को अधिकांश शहरों के न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री तक की गिरावट हुई। सबसे ठंडी रात फतेहपुर (सीकर) में रही, जहां न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अब आगे क्या?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।










