
विरोध में किसानों ने गुरुवार को देईखेड़ा थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
चंबल की नहरों में पानी छोड़े करीब 15 दिन हो गए हैं, लेकिन टेल क्षेत्र के गांवों तक पानी नहीं पहुंचा। इसके विरोध में किसानों ने गुरुवार को देईखेड़ा थाने के बाहर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।
किसानों का थाने के बाहर प्रदर्शन
किसानों ने संभागीय आयुक्त, कोटा और बूंदी जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दो दिन में नहर के आखिरी छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की।
शनिवार से आंदोलन शुरू करेंगे
किसानों ने चेतावनी दी कि 7 नवंबर तक टेल क्षेत्र में पानी नहीं पहुंचा तो शनिवार से आंदोलन शुरू करेंगे। उनका कहना है कि करीब दो दर्जन गांवों के खेत अब भी पानी का इंतजार कर रहे हैं।
बोले- पानी नहीं मिलने से रबी की बुवाई में देरी
किसान सरसों की फसल के पलेवा और गेहूं की बुवाई के लिए खेत तैयार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पानी नहीं मिलने से रबी फसलों की बुवाई में देरी हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
किसानों ने कहा कि नहरों में समय पर पर्याप्त पानी नहीं आया तो सैकड़ों किसानों की खेती पर असर पड़ सकता है। गेहूं की बुवाई पिछड़ने से अगली फसल का उत्पादन भी घट सकता है।
प्रदर्शन में करीब एक दर्जन गांवों के तीन दर्जन से अधिक किसान शामिल हुए। उन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन के बाद पुलिस थाने में ज्ञापन सौंपा और तय समय में टेल क्षेत्र तक पानी पहुंचाने की मांग की।







