
हिण्डोली के त्रिवेणी चौक पर रामलीला का मंचन किया जा रहा है। इसे देखने के लिए हर दिन दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है।
मंगलवार रात रामलीला के तीसरे दिन धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, रावण-बाणासुर संवाद, लक्ष्मण-परशुराम संवाद और राम बारात के दृश्य दिखाए गए।
राम बारात त्रिवेणी चौक से निकाली गई। बाराती बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते जनकपुरी पहुंचे। यहां मिथिला नरेश राजा जनक ने अयोध्या नरेश राजा दशरथ और बारातियों का स्वागत किया। कलाकारों के अभिनय और संवादों को दर्शकों ने खूब सराहा।
रामलीला की शुरुआत व्यवसायी राजकुमार माहेश्वरी ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की झांकी की आरती उतारकर की। इस मौके पर वार्ड पार्षद राम सिंह पंवार, लोकेश सैनी, जुगल किशोर सैनी, परमेश्वर सैनी, रमेश सैनी, दौलत सैनी, प्रदीप जैन, संजय बरमुंडा, प्रभु लाल राव और कन्हैया लाल जांगिड़ अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम कला मंडल के वरिष्ठ कलाकार कैलाश मयंक ने किया।









