
लाखेरी में रेलवे पटरी पर लकड़ी रखकर ट्रेन रोकने की कोशिश की गई। बरौनी-बांद्रा अवध एक्सप्रेस (19038) के लोको पायलट ने पटरी पर लकड़ी देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन रोक दी। इससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
यह घटना घाट का बराना और लबान रेलवे स्टेशनों के बीच अपलाइन पर हुई। युवक ने करीब 4 इंच मोटी और 2 मीटर लंबी लकड़ी पटरी पर रखी थी। गेटमैन कुमेर सिंह मीणा और चाबीमैन मुकेश कुमार मीणा व मुकेश चंद्र मीणा ने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान बूंदी जिले के देईखेड़ा निवासी मोहनलाल मीणा के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में बताया कि वह सूखी लकड़ियां इकट्ठा करता है और लकड़ी तोड़ने के लिए उसने पटरी पर यह लकड़ी रखी थी।
आरपीएफ ने मोहनलाल मीणा को गिरफ्तार कर शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।









