
मुंबई में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार को हुई फायरिंग के बाद अब बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ बंगले पर बम हमले की धमकी दी गई है।
धमकी में कहा गया है कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच कभी भी बंगले को निशाना बनाया जा सकता है। भेजने वाले का दावा है कि यह हमला 1984 के ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ का बदला होगा।
मेल में गायक दिलजीत दोसांझ को भी आत्मघाती हमले में मारने की धमकी दी गई है। मेयर के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेल में सिख विरोधी दंगे का जिक्र
मेल भेजने वाले ने खालिस्तान-समर्थक नारों का इस्तेमाल किया और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि ये हमले उन लोगों के खिलाफ बदला लेने के लिए किए जा रहे हैं, जिन पर सिख समुदाय को निशाना बनाने का आरोप है।
ईमेल भेजने वाले की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। मुंबई पुलिस ने कहा कि BMC कार्यालय की जांच कर ली गई है, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
अमिताभ बच्चन के पैर छूने पर दिलजीत को धमकी
वहीं, मेल में दिलजीत को निशाना बनाने की वजह उनके द्वारा अमिताभ बच्चन के पैर छूना बताया गया है। मेल में लिखा है कि 27 नवंबर को दिलजीत को महालक्ष्मी रेस कोर्स में बम और आत्मघाती हमले में मारना है। जिसने सिखों की नस्लकुशी करने वाले बच्चन के पैर छुए थे।

बीएमसी में मेयर के ऑफिस की जांच करती हुईं जांच टीमें ।
बीएमसी ने दर्ज कराई शिकायत
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस, पुलिस की डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमें बीएमसी मुख्यालय पहुंचीं। जांच टीमों ने अलग-अलग कमरों में जाकर जांच की। मेयर और डिप्टी मेयर कार्यालय सहित विभिन्न चैंबरों की भी तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
बीएमसी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मुंबई पुलिस और साइबर सेल ईमेल की जांच में जुटे हैं।
मुंबई के कई स्कूलों को भी मिले धमकी भरे मेल
इसके साथ ही मुंबई के दादर स्थित कई प्रमुख स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिले हैं। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह दादर के करीब 4 स्कूलों को ये ईमेल मिले। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने तुरंत स्कूलों की तलाशी ली।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हालांकि, इन धमकी भरे ईमेल के कारण कुछ समय के लिए स्कूल परिसर में तनाव का माहौल रहा। पुलिस फिलहाल ईमेल भेजने वालों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
रविवार को टाइगर श्रॉफ पर हुई थी फायरिंग

शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर 5 राउंड फायरिंग की थी।
मुंबई में 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई। टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद जुहू इलाके से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। इस घटना में टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे।
इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें हरियाणा के 7 आरोपी, उत्तर प्रदेश की दो महिलाएं और बिहार का एक युवक शामिल है।









