
चार राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद की 28 सीटों के लिए मतगणना हो रही है। उत्तर प्रदेश में 11 में से भाजपा ने अब तक 5 सीटें जीती हैं, जबकि वाराणसी शिक्षक सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई।
कर्नाटक की 4 सीटों पर भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने जीत हासिल की है। महाराष्ट्र में पांच सीटों पर मतगणना जारी है।
बिहार में सबसे बड़ा उलटफेर पटना शिक्षक सीट पर हुआ, जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के पांच बार के MLC नवल किशोर यादव को हरा दिया। दरभंगा शिक्षक सीट पर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की।
यूपी: गोरखपुर में भाजपा को निर्दलीय प्रत्याशी से टक्कर
यूपी में गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी की बढ़त लगातार कम हो रही है। निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
आगरा में फूट-फूट कर रोते हुए इस्लाम धर्म कबूलने की धमकी देने वाले सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल जीत गए हैं। शिक्षक सीट पर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को हराया।
आगरा की स्नातक सीट पर भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह और झांसी स्नातक सीट पर सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने जीत का दावा किया है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।








