
पुलिस आरोपी को डीडवाना अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से सीकर रेफर कर दिया।
डीडवाना जिले में मामूली कहासुनी के बाद चाचा ने 16 साल की भतीजी को कुल्हाड़ी से काट दिया। आरोपी ने नाबालिग भतीजी पर कुल्हाड़ी से एक के बाद एक 40 वार किए। नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई।
पोती को बचाने के लिए दादी आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिसके कारण वह भी घायल हो गईं। हमले के बाद आरोपी कुल्हाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आरोपी का मोबाइल घर पर था।
सूचना पर पुलिस मौके पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। खेतों की तरफ जाते समय रास्ते में कीटनाशक की खाली बोतल मिली। कुछ दूर आगे आरोपी बेहोशी की हालत में मिला। घटना खुनखुना थाना इलाके के कल्याणपुरा गांव की है।

आरोपी ने कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की
एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया- आरोपी ओमप्रकाश (40) मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे कुल्हाड़ी लेकर अपने चचेरे भाई भूराराम के घर पहुंचा। किसी बात को लेकर ओमप्रकाश और अक्षिता के बीच कहासुनी हो हुई। विवाद बढ़ने पर ओमप्रकाश ने कुल्हाड़ी से अक्षिता पर करीब 40 वार किए। नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या की सूचना पर खुनखुना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस टीम ने FSL और MOB टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए। घायल तुलछा देवी को कुचामन हॉस्पिटल पहुंचाया और शव मॉर्च्युरी में रखवाया।
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस खेतों की तरफ गई तो रास्ते में कीटनाशक की खाली बोतल मिली। कुछ दूर चलने के बाद आरोपी मिल गया, जो बेहोशी की हालत में था। उसे डीडवाना अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सीकर रेफर कर दिया।
एसपी ने बताया- दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ और आरोपी ने नाबालिग की हत्या क्यों की। आरोपी के बयान और जांच के बाद ही कारणों की वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

भतीजी की हत्या के बाद आरोपी ने कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने उसे डीडवाना जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
नाबालिग के रिश्ते में चाचा लगता है आरोपी
जानकारी के अनुसार- आरोपी और मृतका एक ही परिवार के हैं और रिश्ते में चाचा-भतीजी हैं। ओमप्रकाश खेती बड़ी का काम करता है। घटना के समय नाबालिग की मां खेती के काम से घर से बाहर गई हुई थी। नाबालिग का पिता विदेश में काम करता है।









