
नैनवां ब्लॉक के सुवानिया राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने रन फॉर यूनिटी में हिस्सा लेकर एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इसके बाद शारीरिक शिक्षक नागेंद्र सनाढ्य के नेतृत्व में दौड़ आयोजित की गई। प्राचार्य कमल कुमार मरमिट ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ रवाना की। शिक्षक जिनेंद्र जैन ने बताया कि दौड़ स्कूल परिसर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुवानिया तक हुई।
कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर उनकी तस्वीरों पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई। प्राचार्य कमल कुमार मरमिट ने दोनों नेताओं के देश निर्माण में योगदान की जानकारी दी।
कार्यक्रम प्रभारी धर्मेंद्र नागर ने स्वतंत्रता आंदोलन में सरदार पटेल की भूमिका बताई। इतिहास व्याख्याता रिंकू जैन ने देशी रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान की जानकारी दी। व्याख्याता राकेश नागर ने इंदिरा गांधी के जीवन और देश के लिए उनके योगदान के बारे में बताया।
सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के जीवन पर क्विज प्रतियोगिता हुई। इसमें बालिका समूह विजेता रहा। चित्रकला प्रतियोगिता में निशा नागर प्रथम और आलिया बानो द्वितीय रहीं। कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए।
इस मौके पर सुनील मीणा और नवलकिशोर साहू ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में इंदिरा सोनी, रामप्रसाद सैनी, मोनू शर्मा, अजय मीणा, दुर्गाशंकर मीणा, मुकेश चौधरी, जीतराम चौधरी, अरुणा सैन, रामसहाय मीणा, सीता शर्मा सहित स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।






