
लाखेरी में इस बार पहली बार शहर से प्रधान चुना जाएगा। इसे लेकर शहर में चुनावी हलचल तेज हो गई है। नामांकन के दौरान शहर के गणमान्य नागरिक, राजनीतिक नेता और उनके समर्थक सक्रिय रहे।
पंचायत समिति चुनाव के लिए कुल 103 प्रत्याशियों ने 110 नामांकन पत्र दाखिल किए। बुधवार को नामांकन के आखिरी दिन 64 प्रत्याशियों ने 72 फॉर्म जमा किए। इससे पहले तीन दिनों में 39 प्रत्याशियों ने 38 नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
आखिरी दिन उपखंड मुख्यालय पर प्रत्याशियों और समर्थकों की आवाजाही बनी रही। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में भीड़ रही।
नामांकन के दौरान पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह हाड़ा दिनभर अपने समर्थकों के साथ सक्रिय रहे। वे प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच तालमेल करते दिखे। पूर्व सरपंच और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। शहर के कई गणमान्य नागरिक और राजनीतिक नेता अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करवाने पहुंचे।







