
भगवान आदिनाथ जयराज मारवाड़ा राजकीय कॉलेज में गुरुवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब की ओर से निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्टूडेंट्स में मतदाता जागरूकता और निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना था। आयोजन कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर, बूंदी के तत्वावधान में हुआ।
निबंध में मतदान के महत्व पर रखे विचार
निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘मतदान का महत्व एवं शुद्ध मतदाता सूचियों की आवश्यकता’ रखा गया। इसमें स्टूडेंट्स ने लोकतंत्र में मतदान की भूमिका, मताधिकार के महत्व और मतदाता सूचियों को सही एवं अद्यतन रखने की आवश्यकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रश्नोत्तरी में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवाल
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता से संबंधित सवाल पूछे गए। स्टूडेंट्स ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के अधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूक मतदाता लोकतंत्र की मजबूती का आधार
कार्यक्रम में नोडल प्रभारी कुलतार मीणा, डॉ. जगदीश प्रसाद शर्मा और सुहेल रज्जा मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में जागरूक मतदाताओं की अहम भूमिका होती है। युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी होना जरूरी है। ऐसी शैक्षणिक गतिविधियों से स्टूडेंट्स में लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों की समझ विकसित होती है।
उन्होंने स्टूडेंट्स से स्वयं जागरूक मतदाता बनने, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, त्रुटियों में सुधार करवाने और निष्पक्ष व निर्भीक होकर मतदान करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।







