
इन्द्रगढ़ के मुक्तिधाम में चिता से छेड़छाड़ और अस्थियां चोरी के आरोप को लेकर सर्व हिंदू समाज ने शुक्रवार दोपहर थानाधिकारी दिनदयाल वैष्णव को ज्ञापन दिया। समाज ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के मुताबिक, मंगलवार को स्टेट बैंक के पास रहने वाले रमेश चंद्र महावर का निधन हुआ था। उनका अंतिम संस्कार उसी दिन इन्द्रगढ़ मुक्तिधाम में किया गया। बुधवार को सुभाष गली निवासी प्रहलाद किशोर जैन का निधन हुआ और उनका अंतिम संस्कार भी वहीं किया गया। बुधवार को एक अज्ञात लावारिस शव का अंतिम संस्कार भी मुक्तिधाम में हुआ।
चिता की राख और अस्थियां बिखरी मिलीं
गुरुवार सुबह प्रहलाद किशोर जैन के परिजन तीये की रस्म के लिए अस्थियां चुनने पहुंचे। उन्हें चिता की राख और अस्थियां बिखरी मिलीं। चिता से कुछ दूरी पर अधजला हिस्सा भी मिला। परिजनों ने चिता से छेड़छाड़ और अस्थियां चोरी होने का आरोप लगाया।
सूचना मिलने पर हिंदू समाज के लोग मुक्तिधाम पहुंचे। ज्ञापन में कहा गया कि इस घटना से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने मुक्तिधाम में रह रहे साधु-अघोरियों को वहां से हटाने की मांग भी की।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई नहीं हुई तो सर्व हिंदू समाज आंदोलन करेगा। ज्ञापन देते समय समाज के लोग और परिजन मौजूद थे।







