
दीपावली पर राजस्थान के बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। बाजारों में शनिवार देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं रविवार सुबह से लोग बाजारों में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
ज्योतिषाचार्य पंडित पुरुषोत्तम गौड़ ने बताया- अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:28 बजे से शुरू होकर 9 नवंबर दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। शाम को प्रदोष काल में लक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व है। जयपुर के वैदिक ज्योतिषाचार्य डॉ. पं. दुर्गादत्त शिवदत्त शास्त्री ने भी पूजन और खरीदारी के शुभ मुहूर्त बताए हैं।
उदयपुर में माता महालक्ष्मी का विशेष अभिषेक किया गया। इसके बाद माता को करीब सवा 8 लाख रुपए कीमत की सोने और चांदी के आभूषणों से बनी विशेष पोशाक धारण करवाई गई। साथ ही माता को सोने के अन्य आभूषण पहनाकर ताजे कमल के फूलों से श्रृंगार किया गया।
वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार सुबह प्रदेश बीजेपी कार्यालय में लक्ष्मी पूजन किया। पूजन के बाद सीएम भजनलाल ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दीपावली की बधाई दी। उनके साथ प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उप मुख्यमंत्री प्रेमचन्द बैरवा, सांसद मंजू शर्मा आदि मौजूद रहे।

सीएम भजनलाल शर्मा ने बीजेपी ऑफिस में लक्ष्मी पूजन किया।

जयपुर के परकोटे में रोशनी का ड्रोन शॉट। पूरे शहर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।









