
टोंक की पहचान बनास नदी का स्वरूप बदलने लगा है। ईसरदा बांध में जल संग्रहण से पुराने-नए पुल तक पानी फैल गया है। नवंबर में जहां दूर-दूर तक रेत दिखती थी, वहां इस बार कम बारिश के बावजूद पानी नजर आ रहा है। इससे रिवर फ्रंट, बोटिंग और पर्यटन की उम्मीदें बढ़ी हैं।
बांध पूरा भरने पर पानी हाईलेवल ब्रिज तक पहुंचेगा
ईसरदा बांध का भराव स्तर 256 आरएल मीटर है, जबकि मौजूदा जलस्तर 254.53 मीटर है। बांध पूरा भरने पर पानी गहलोद घाट से हाईलेवल ब्रिज तक पहुंच सकता है। कुछ जगह 5 से 8 फीट गहराई का अनुमान है।
1936 के पुल पर फिर लौट सकती हैं नावें; पर्यटक बढ़ेंगे
नवाब सआदत अली खां ने 1936 में ऐतिहासिक पुल बनवाया था। इससे पहले नदी पार करने के लिए नावें चलती थीं। अब जलभराव बढ़ने से नौकायन की उम्मीद जगी है। पुराने पुल से गहलोद घाट तक रिवर फ्रंट, बोटिंग पॉइंट, व्यू डेक, फूड जोन और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र विकसित हो सकते हैं।







