
हिण्डोली के काछोला गांव में झोलाछाप डॉक्टर से इंजेक्शन लगवाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई।
हिण्डोली के काछोला गांव में झोलाछाप डॉक्टर से इंजेक्शन लगवाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला के भाई ने डॉक्टर के खिलाफ हिण्डोली थाने में रिपोर्ट दी है।
कराड़खेड़ी निवासी राजकुमार रेगर की बड़ी बहन कौशल्या रेगर को 24 सितंबर को बुखार आया था। दोनों ने काछोला गांव में इलाज कर रहे बबलू बंगाली से उपचार करवाया। आरोप है कि बबलू बंगाली ने दोनों को इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों के मुताबिक, 30 सितंबर को दोनों को बूंदी में एक डॉक्टर के पास भर्ती कराया गया। वहां करीब 10 दिन इलाज चला ।हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाया गया।
तबीयत लगातार बिगड़ने पर दोनों को कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां 18 अक्टूबर से उनका इलाज चल रहा था। बाद में कौशल्या रेगर को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल भेजा गया। शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हिण्डोली थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी रामसिंह मीणा ने बताया कि इलाके में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ समय-समय पर टीम बनाकर अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि आरोपी फिलहाल फरार है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









