
बूंदी महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने किया मंथन।
बूंदी महोत्सव-2026 की शोभायात्रा को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव में निकलने वाली शोभायात्रा में राजस्थान की लोक संस्कृति, ग्रामीण जीवन और सामाजिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। विभिन्न समाजों और संगठनों के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। वहीं, कुलदेवताओं, प्रसिद्ध व्यक्तित्वों, ऐतिहासिक घटनाओं और सामाजिक परंपराओं पर आधारित झांकियां भी सजाई जाएंगी। तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने की। बैठक में सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पारंपरिक वेशभूषा में दिखेगी विविधता में एकता
बैठक में उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों और संस्थानों के प्रतिनिधियों से शोभायात्रा की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी समाजों के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा में शामिल हों। इससे देशी और विदेशी पर्यटकों को भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता का संदेश मिलेगा। उन्होंने शोभायात्रा में बूंदी के ग्रामीण जीवन की झलक शामिल करने पर भी जोर दिया, ताकि पर्यटक यहां की स्थानीय परंपराओं, रहन-सहन और सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।

उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों और संस्थानों के प्रतिनिधियों से शोभायात्रा की तैयारियों पर चर्चा की।
कुलदेवताओं और ऐतिहासिक घटनाओं पर सजेंगी झांकियां
शोभायात्रा में विभिन्न समाज और संगठन अपने-अपने कुलदेवताओं, प्रसिद्ध व्यक्तियों, ऐतिहासिक घटनाओं और सामाजिक परंपराओं पर आधारित झांकियां तैयार करेंगे। इन झांकियों के माध्यम से बूंदी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, समितियों और व्यापार मंडलों की ओर से शोभायात्रा मार्ग पर तोरण द्वार बनाए जाएंगे। मार्ग को फूलमालाओं और बंदनवार से सजाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का फूल बरसाकर स्वागत भी किया जाएगा।
लटकते बिजली के तारों का होगा संयुक्त सर्वे
शोभायात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना से बचने के लिए मार्ग पर लटकते बिजली के तारों को लेकर भी चर्चा हुई। इसके लिए तहसीलदार, बिजली विभाग और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से शोभायात्रा मार्ग का सर्वे करेगी। सर्वे के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को दूर कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में बूंदी तहसीलदार जतिन दिनकर, पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक शरद व्यास, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अर्चना तंवर और पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजों और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर शोभायात्रा को भव्य बनाने के सुझाव दिए।









