
लाखेरी उपखंड के गोहाटा गांव में पुश्तैनी जमीन के विवाद में गुरुवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसमें हरिप्रसाद (50) की मौत हो गई, जबकि रामप्रसाद गंभीर घायल है। उसका कोटा के राजकीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं। खेत में किसी बात पर कहासुनी के बाद विवाद मारपीट में बदल गया। हरिप्रसाद और रामप्रसाद गंभीर रूप से घायल हुए। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। हरिप्रसाद की कोटा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी रामकुआर और उसका बेटा बबलू मौके से फरार हो गए। गांव में तनाव है।
देईखेड़ा थानाधिकारी रामभरोसी मीणा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार पिता-पुत्र की तलाश में है।






