
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को कोटा के जनसंवाद केंद्र पर कोटा संभाग के शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से जिलेवार प्रगति रिपोर्ट ली।
मंत्री दिलावर ने संभाग के सभी जिला कलेक्टर को फोन करके चुनाव कार्य के नाम पर लंबे समय से जिला कार्यालयों में लगाए गए शिक्षा विभाग के कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर मूल पद पर भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बीएलओ के लिए भी मुख्यालय स्तर से ही शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षकों को चुनाव कार्य के नाम पर मुख्यालय में नहीं लगाया जाए। बिना सक्षम स्वीकृति के डेपुटेशन और कार्य व्यवस्था पर रोक लगाई जाए। एक ही शिक्षक को बार-बार कार्यालयों में कार्य व्यवस्था के नाम पर लगाने की प्रवृत्ति भी बंद होनी चाहिए।

शिक्षा मंत्री ने कोटा में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मीटिंग ली।
बोर्ड परीक्षाओं में एक्स्ट्रा क्लास लगाने के आदेश दिया
शिक्षा मंत्री ने बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए कहा कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए एक्स्ट्रा क्लास लगाई जाएं और नियमित प्रैक्टिस करवाई जाए। उन्होंने कहा कि विषयवार परीक्षा परिणाम की समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले साल जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम कमजोर रहा था, उन्हें चिह्नित कर अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी जाए। संबंधित अधिकारी ऐसे विद्यालयों को गोद लेकर नियमित मॉनिटरिंग करें, ताकि इस साल उनके परीक्षा रिजल्ट में सुधार किया जा सके।
स्कूलों से 10 दिन में हटाना होगा अनुपयोगी कबाड़
मंत्री दिलावर ने कहा कि जब वे विद्यालयों का दौरा करते हैं तो कई जगह स्कूल भवन के एक-दो कमरे कबाड़ से भरे हुए मिलते हैं। यदि यह सामान अनुपयोगी है तो उसे कमरों में भरकर रखने का क्या औचित्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों में रखे अनुपयोगी कबाड़ का 10 दिन में पूरी तरह निस्तारण किया जाए।
निजी BSTC कॉलेज की मनमानी पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश
शिक्षा मंत्री ने संभागीय समीक्षा बैठक में डाइट एवं BSTC प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षुओं की उपस्थिति एवं प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रभावी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि महीने में कम से कम एक बार संस्थाओं का निरीक्षण करना चाहिए।
दिलावर ने कहा कि मेरे सामने कई बार ऐसे उदाहरण आते हैं कि लोग आते हैं और बोलते हैं कि B.Ed कॉलेज में फोन कर दो और डोनेशन की फीस काम करवा दो। यह गलत है। इस पर प्रभावी नियंत्रण होना चाहिए। जिन कॉलेजों में अनुपस्थित पाई जाएगी उनके खिलाफ कार्रवाई करें।






