
पापड़ी में नवनिर्वाचित सरपंच राजकांता मीणा ने पदभार ग्रहण करने से पहले ही किसानों की समस्या का समाधान करवाने की पहल की। उन्होंने देईखेड़ा में पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज के पास क्षतिग्रस्त पापड़ी माइनर नहर की मरम्मत करवाई। इससे नहर के टेल क्षेत्र के किसानों को राहत मिली है।
नहर क्षतिग्रस्त होने से अटकी थी बुवाई
नहर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से पानी आगे नहीं पहुंच पा रहा था। इसके कारण करीब 300 बीघा जमीन में गेहूं की बुवाई अटकी हुई थी। वहीं, सरसों की फसल को भी सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा था। इससे किसान परेशान थे।
निजी खर्च पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचीं सरपंच
किसानों की समस्या की जानकारी मिलने पर राजकांता मीणा ने विभागीय अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद वह निजी खर्च पर ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचीं और नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के प्रयास किए। बाद में विभाग की ओर से मौके पर जेसीबी मशीन भेजी गई और नहर की मरम्मत करवाई गई।
पानी पहुंचने से किसानों को राहत
मरम्मत का काम पूरा होने के बाद नहर में पानी आगे बढ़ा, जिससे टेल क्षेत्र के किसानों को राहत मिली। इस दौरान नवनिर्वाचित उपसरपंच संजू मीणा, गिरिराज मीणा, खेमराज मीणा सहित कई किसान मौजूद रहे।






