
बूंदी में दीपावली पर रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे चलाए जा सकेंगे।
बूंदी में दीपावली पर ग्रीन पटाखे चलाने के लिए समय तय किया गया है। रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे चलाए जा सकेंगे। पटाखों की बिक्री के लाइसेंस के लिए 23 अक्टूबर शाम 5 बजे तक आवेदन जमा किए जा सकते हैं। उपखंड मजिस्ट्रेट लक्ष्मीकांत मीणा ने यह बताया।
दीपावली और गुरुपर्व पर रात 8 से 10 बजे तक ग्रीन पटाखे चलाए जा सकेंगे। छठ पर्व पर सुबह 6 से 8 बजे और क्रिसमस व नए साल पर रात 11:55 से 12:30 बजे तक छूट मिलेगी। खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स होने पर पटाखों पर पूरी तरह रोक रहेगी। अस्पताल, स्कूल, कोर्ट और धार्मिक स्थलों के 100 मीटर दायरे में पटाखे चलाने पर भी मनाही है।
लाइसेंस के लिए साइट प्लान, ब्लूप्रिंट, फोटो, पहचान और स्वामित्व के दस्तावेज जमा करने होंगे। पटाखों के हर बॉक्स पर नीरी का क्यूआर कोड जरूरी है।
अस्थायी लाइसेंस के लिए ग्रीन पटाखे बेचने का शपथ पत्र देना होगा। सुरक्षा के लिए पटाखा बाजार में एंबुलेंस और दो फायर ब्रिगेड वाहन तैयार रहेंगे।









