
तलवास गांव के रामधाम स्थल पर विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी ने दुर्गा अष्टमी उत्सव उत्साह से मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा के साथ हुई।
इसके बाद शस्त्रों का पूजन किया गया। ॐकार मंत्र, एकात्मकता मंत्र और विजय मंत्र का उच्चारण हुआ। सभी महिलाओं ने ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ का सामूहिक जयघोष किया। फिर कन्या पूजन कर कार्यक्रम आगे बढ़ा।
जिला उपाध्यक्ष उर्मिला शर्मा मुख्य अतिथि थीं, जबकि रिटायर्ड टीचर इंदिरा शर्मा ने अध्यक्षता की। कांता सोनी, लीला शर्मा और मनोरमा जैन खास मेहमान थीं। कांता सोनी ने महिषासुर मर्दिनी की कथा सुनाई, लीला शर्मा ने नारी सम्मान पर बात की।
मधुबाला शर्मा ने नारी सशक्तिकरण और मनोरमा जैन ने नशा मुक्ति पर विचार रखे। उर्मिला शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद के कार्यों और अशोक सिंघल के राम मंदिर निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। इंदिरा शर्मा ने कुटुंब प्रबोधन के महत्व पर विचार रखे।
अध्यापिका दिव्या शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया और बालिकाओं को प्रेरित किया। महिलाओं ने भजन गाए, 31 दीपों से मां दुर्गा की महाआरती कर प्रसाद बांटा। तलवास गांव की बड़ी संख्या में महिलाओं और लड़कियों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया।









