
बूंदी डीएसटी और कोतवाली पुलिस ने गांजे के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया।
बूंदी में कोतवाली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने नशे के खिलाफ कार्रवाई की है। टीम ने 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से गांजा ले जाने में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त की गई।
कोतवाली थानाधिकारी ने बताया कि एसपी अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार को DST के साथ मिलकर टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर छबड़ा गैराज के पीछे बाईपास रोड निवासी मोहम्मद हनीफ (50) को स्कूटी सहित रोका गया। तलाशी में स्कूटी की डिग्गी से 400 ग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने गांजा और स्कूटी जब्त कर मोहम्मद हनीफ को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा नंबर 356/2026 दर्ज हुआ है।
पुलिस उससे गांजा खरीदने-बेचने को लेकर पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में उप निरीक्षक देशराज सिंह, कानि. नेतराम, कानि. रामराज और DST प्रभारी बहादुर सिंह शामिल थे।









