
नमाना कस्बे के पुराने खंडहर अस्पताल में प्लास्टिक कचरे और गंदगी के ढेर लगे हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि इससे बदबू फैल रही है और मच्छर पनप रहे हैं।
मोहल्लेवासी चेतन गोस्वामी, मुकेश शर्मा और दिनेश जैन ने बताया कि उनकी मेडिकल स्टोर और जूस सेंटर की दुकानें पास में हैं। बदबू के कारण ग्राहकों को परेशानी होती है और उन्हें गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है।
उनका कहना है कि कचरे से उठती बदबू के कारण मोहल्ले में रहना मुश्किल हो रहा है। मच्छरों से बीमारियां फैलने का खतरा भी है। मोहल्लेवासियों ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से कचरे के ढेर हटाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत सचिव मुजीब रहमान ने बताया कि एक-दो दिन में जेसीबी की मदद से कचरा हटाया जाएगा। पुराने खंडहर अस्पताल की सफाई भी कराई जाएगी।







