
बाबा बजरंगदास जी महाराज की पुण्यतिथि पर ग्राम मांडपुर के बजरंग धाम, राधाकृष्ण आश्रम में कलश यात्रा निकाली गई। इसके साथ ही तीन दिवसीय नानी बाई मायरा कथा शुरू हुई।
कथा का वाचन पंडित अनिरुद्धाचार्य महाराज कर रहे हैं। कथा में नानी बाई के कृष्ण प्रेम और भक्त की पुकार पर भगवान के आने के प्रसंग सुनाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक अंजनी कुमार शर्मा, निवासी तलवास, ने बताया कि कथा के शुभारंभ पर बाबा बजरंगदास जी महाराज के जीवन, त्याग और तपस्या के बारे में बताया गया।
बाबा के ब्रह्मलीन होने के बाद भी उनकी सेवा भावना और भक्ति, धर्म व मानव सेवा की परंपरा जारी है। उनके विचार लोगों को सामाजिक समरसता और परोपकार के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
तीन दिवसीय आयोजन में तलवास, मांडपुर और आसपास के दर्जनों गांवों के साथ दूर-दराज के इलाकों से श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे हैं। आयोजन में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी है।







