
पंचायतीराज चुनावों के तीसरे फेज में आज 27 जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों में वोटिंग हो रही है।
जिला परिषदों के 377 वार्डों में 1305 और पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में 7789 प्रत्याशी मैदान में हैं।
ब्यावर में जवाजा पंचायत समिति की रूढाना ग्राम पंचायत के पोलिंग बूथ पर वोट देकर बाहर निकलते ही पुनी देवी (70) की मौत हो गई। आशंका है कि उन्हें साइलेंट अटैक (हार्ट अटैक) आया था।
परिसीमन के विरोध में दौसा के तीन गांवों और भरतपुर की बयाना पंचायत समिति के नगला सिंघाडा के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया है। डीग में कामां के नगला किशोर सिंह गांव में भी पंचायत परिसीमन के विरोध में ग्रामीण मतदान करने नहीं पहुंचे।
डीडवाना-कुचामन में परबतसर के डारापुरा गांव में भी पंचायत परिसीमन के विरोध में ग्रामीण वोट करने नहीं पहुंचे। बारां जिले के आदिवासी क्षेत्र शाहबाद उपखंड के कछियाथाना गांव में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार किया।
करौली में रीठौली गांव को पंचायत बनाने की मांग को लेकर लोगों ने वोटिंग का बॉयकॉट किया। बाड़मेर के कोजा मतदान केंद्र पर 100 साल की जमना देवी ने वोट डाला।
श्रीगंगानगर, बीकानेर, धौलपुर, भरतपुर और सीकर सहित कई जिलों में EVM में खराबी के कारण 10 मिनट से लेकर दो घंटे तक वोटिंग रुकी रही।










