
अलग-अलग धर्म, अलग-अलग प्रार्थनाएं, लेकिन संदेश एक ही… विश्व शांति और मानवता। पेच ग्राउंड स्काउट-गाइड प्रांगण में चल रहे शिविर के समापन पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा में यही तस्वीर देखने को मिली।
यहां स्काउट-गाइड संभागियों ने वैदिक प्रार्थना, रामधुन, निर्गुण भजन, नामधुन और शांतिपाठ के माध्यम से सर्वधर्म सद्भाव का संदेश दिया। मौन प्रार्थना के साथ विश्व शांति की कामना भी की गई। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय की ओर से लगाए शिविर में मुख्य अतिथि संगठन के आजीवन सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता शुभम गोयल रहे। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग ऐसा मंच है, जहां बिना किसी भेदभाव के छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास किया जाता है।
सीओ स्काउट प्रदीप चित्तौड़ा ने जीवन में अध्यात्म के महत्व पर विचार रखे। संचालक डॉ. सर्वेश तिवारी, स्थानीय संघ सचिव विश्वजीत जोशी, रोवर लीडर लोकेश सैनी और रोवरमेट जिशान अंसारी मंचासीन रहे। सीओ प्रदीप चित्तौड़ा और मधुकुमारी के सानिध्य में ध्वजावतरण और राष्ट्रगान के साथ शिविर हुआ।
ध्यान और अनुशासन का प्रशिक्षण दिया समापन सत्र की अंतिम वार्ता में शिविर संचालक डॉ. सर्वेश तिवारी ने संभागियों को मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन के लिए ध्यान, प्राणायाम और त्राटक का अभ्यास करवाया। ट्रेनिंग काउंसलर राजेंद्रप्रसाद सरोया ने ध्यान, अनुशासन और समय की पाबंदी का महत्व बताया। हंसराज चौधरी ने स्काउट की प्रगति योजना और रविंद्रकुमार ने देशभक्ति प्रस्तुति दी। स्थानीय संघ सचिव विश्वजीत जोशी ने युवाओं को जोश के साथ होश से काम लेने की सीख दी।







