
दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घटना सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में हुई।
सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इनमें पानी के टैंकर और बचाव वाहन भी शामिल हैं। अभी घटनास्थल के वीडियो या फोटो सामने नहीं आए हैं।
दिल्ली में इस साल बिल्डिंग गिरने से 21 मौतें, 5 बड़े हादसे
- 30 मई: साकेत मेट्रो स्टेशन के पास चार मंजिला इमारत गिरी। 6 लोगों की मौत, 13 घायल।
- 8 जुलाई: रोहिणी सेक्टर-16 में दो निर्माणाधीन इमारतें ढहीं। 3 लोगों की मौत।
- 21 अगस्त: करोल बाग के रेगरपुरा में इमारत का हिस्सा गिरा। 1 मजदूर की मौत, 2 घायल।
- 6 सितंबर: सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरी। 7 लोगों की मौत।
- 7 अक्टूबर: सीमापुरी में चार मंजिला इमारत ढही। 4 लोगों की मौत, 8 घायल।









