
बूंदी जिला मुख्यालय से 8 किमी दूर बड़ौदिया कस्बे में भाई दूज के दिन बुधवार को घास भैरुजी की सवारी निकाली गई। सवारी और झांकियां देखने के लिए करीब 1 लाख लोग पहुंचे। वे कोटा, बूंदी, हाड़ौती, जहाजपुर, भीलवाड़ा, टोंक, जयपुर, अजमेर और मध्यप्रदेश से आए थे।
पिछले सालों के मुकाबले इस बार करीब 3 गुना ज्यादा भीड़ पहुंची। इसके चलते कस्बे के दोनों ओर करीब 2-2 किमी तक जाम लगा। बसोली मोड़ पर सथूर की तरफ से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने से करीब 3 घंटे तक जाम रहा। बूंदी कलेक्टर, कई अधिकारी और आम लोग भी जाम में फंसे रहे।
सुबह 8 बजे निकला घीचकड़ा सुबह 8 बजे गांव के पंच-पटेल और ग्रामीण बाबा कालाजी की बावड़ी से घीचकड़ा लेकर निकले। पूर्व सरपंच राधेश्याम गुप्ता समेत ग्रामीण जुलूस के साथ घास भैरुजी के स्थान तक पहुंचे। दोपहर 12 बजे तक कस्बे के दोनों ओर रास्तों पर जाम लग गया।
झांकियां देखने के लिए लोग छतों पर जमे रहे शाम 5 बजे 11 जोड़ी बैलों को जोतकर घास भैरुजी की पूजा की गई और सवारी निकाली गई। भैरुजी अपने ससुराल से बाबा कालाजी की बावड़ी पहुंचे। महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम भी हुए। झांकियां देखने के लिए लोग छतों पर जमा रहे।
कांच के गिलास पर ट्रैक्टर खड़ा किया झांकियों में बाबा कालाजी की बावड़ी में पत्थर की शिला पर बाइक और कांच के गिलास पर ट्रैक्टर खड़ा किया गया। कलाकारों ने कांच के टुकड़ों पर चलने और सूत से पाइप के सहारे बाइक लटकाने के करतब भी दिखाए। रामास की बावड़ी में खंभों से ट्रैक्टर लटकाया गया। एक दिन के मेले में महिलाओं और ग्रामीणों ने खरीदारी की। करतब देखने के लिए लोग जुटे रहे।
पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता भी पड़ा कम भीड़ को देखते हुए हिंडौली, बसौली और दबलाना थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया, लेकिन पुलिस बल कम पड़ने से यातायात व्यवस्था नहीं संभल सकी। हिंडौली थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि उम्मीद से अधिक भीड़ आने और जाप्ता कम रहने से जगह-जगह यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। देर शाम तक प्रयास कर जाम खुलवाया गया।
समाजसेवियों और पूर्व सरपंच सीताराम गुर्जर की ओर से पेयजल की व्यवस्था की गई। महोत्सव में पूर्व जिपस बृजमोहन शर्मा, हिंडौली कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश शर्मा, पूर्व सरपंच राधेश्याम गुप्ता, सीताराम गुर्जर और पूर्व सरपंच महेश एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।







