
बूंदी महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कार्यक्रमों, शहर की सफाई और लोगों की भागीदारी पर चर्चा की गई। बैठक में महोत्सव के पोस्टर का विमोचन भी हुआ।
कलेक्टर ने कहा कि महोत्सव के सभी कार्यक्रम और झांकियां अच्छी गुणवत्ता के हों। उन्होंने लोगों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की। नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने कहा कि पर्यटकों को सुविधाएं देने और महोत्सव को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बूंदी महोत्सव के आकर्षक और बहुरंगी पोस्टर का विमोचन किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने संयुक्त रूप से पोस्टर का अनावरण कर महोत्सव के आयोजनों का औपचारिक आगाज किया।
पोस्टर में बूंदी की समृद्ध कला और संस्कृति को दर्शाया जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तैयार पोस्टर में बूंदी की समृद्ध कला और संस्कृति को बेहद आकर्षक ढंग से दर्शाया गया है। पोस्टर में महोत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोकानुरंजन से जुड़ी गतिविधियों की झलक पेश की गई है। इसके अलावा, बूंदी की शान ‘गढ़ पैलेस’ और ऐतिहासिक ‘चौरासी खंभों की छतरी’ के मनमोहक चित्रों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है, जो महोत्सव में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
बैठक में उप सभापति संजय भूटानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत, नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक शरद व्यास, पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।







