
बूंदी जिले के सदर थाना क्षेत्र में छतरपुरा बाईपास पर ओवर स्पीड कार की टक्कर से पैदल जा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में ओमप्रकाश माली गंभीर घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
सदर थाने के एएसआई हरिशंकर शर्मा ने बताया कि गुरुवार दोपहर ओमप्रकाश अपने दामाद सोनू के साथ पैदल बूंदी की ओर जा रहे थे। छतरपुरा रोड पर दोनों खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने ओमप्रकाश को टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर घायल हो गए। उन्हें पहले बूंदी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने कोटा रेफर कर दिया। कोटा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों की रिपोर्ट पर कार्रवाई करेगी पुलिस
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ओमप्रकाश के दामाद सोनू ने बताया कि हादसे के समय वह उनके साथ ही मौजूद थे। कार की टक्कर के बाद ओमप्रकाश को संभालकर अस्पताल पहुंचाया। अचानक हुए हादसे से वह खुद भी सदमे में आ गए।
चाय की दुकान लगाते थे
परिजनों के अनुसार ओमप्रकाश बरूंधन गांव के रहने वाले थे। वह चाय की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं।









