
कोटा के जेके लोन हॉस्पिटल में कार्यरत ECG टेक्नीशियन सतीश कुमार चांदसी ने घर पर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह पत्नी पूजा ने पीहर से फोन किया तो सतीश कुमार ने उठाया नहीं।
इस पर पत्नी ने पड़ोस में रहने वाली अपनी बड़ी बहन को फोन किया और घर जाकर देखने के लिए कहा। बड़ी बहन घर पहुंची तो गेट खुले थे। उसने अंदर जाकर देखा तो सतीश कुमार फंदे से लटका मिला।
परिजन उसे फंदे से उतारकर एमबीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर जेके लोन हॉस्पिटल गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिजनों को कमरे से सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा है कि 13 दिनों तक जबरन ड्यूटी करवाई जा रही थी। विरोध करने पर नौकरी खराब करने की धमकी दी जाती थी। टेक्नीशियन ने हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट समेत 3 लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है।

अधिकारियों ने नौकरी छोड़ने को लेकर धमकाया था
सतीश कुमार के साले सूरज ने बताया- जीजा लगातार ड्यूटी से परेशान थे। उनके साथ काम करने वाले अन्य कर्मचारियों ने छुट्टी ले रखी थी, जिसके कारण जीजा की लगातार नाइट ड्यूटी लगा रखी थी।
उन्होंने अधिकारियों से किसी दूसरे कर्मचारी की ड्यूटी लगाने की मांग की थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। शिकायत करने पर उन्हें नौकरी छोड़ने की बात कही गई।

भाई की मौत के बाद बहन हॉस्पिटल में रोने लगी तो रिश्तेदारों ने संभाला।
सुसाइड नोट में अधिकारियों पर लगाए आरोप
सतीश कुमार ने सुसाइड नोट में लिखा- ‘मैं सतीश कुमार जेके लोन हॉस्पिटल में ECG टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हूं। मुझे हॉस्पिटल प्रशासन द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
मेरी लगातार 13 दिन तक जबरदस्ती ड्यूटी लगाकर धमकी देते हैं कि तेरी नौकरी खराब कर देंगे। हम जैसा बोलते है, वैसा कर और चुपचाप ड्यूटी कर ले। मैं डिप्रेशन में आकर सुसाइड कर रहा हूं। मेरे पास इसके अलावा कोई उपाय नहीं है। इसमें नर्सिंग अधीक्षक मोहन लाल बैरवा और नवीन शर्मा शामिल है।
मैंने इनकी शिकायत हॉस्पिटल की सुपरिटेंडेंट निर्मला शर्मा से भी की थी तो उन्होंने भी मुझे फटकार लगाते हुए कहा कि तुन्हें नौकरी नहीं करनी तो छोड़ दो। मेरी गुजारिश है कि इन तीनों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। मेरी पत्नी पूजा से इस कदम के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। पुलिस से निवेदन है कि इन्हें इनकी अपराध की कड़ी से कड़ी सजा मिले।
स्टाफ की कमी के कारण ड्यूटी एडजस्ट करने के लिए कहा था
नर्सिंग अधीक्षक मोहनलाल बैरवा ने बताया- जेके लोन अस्पताल में पहले से ही स्टाफ की कमी चल रही है। लेबर रूम के दो कर्मचारियों को भी ECG विभाग में लगाया गया था। सतीश को स्टाफ की कमी के चलते एडजस्ट करने के लिए कहा था, लेकिन उन्हें कभी गलत तरीके से कुछ नहीं कहा।
उन्होंने बताया- सतीश खुद ईसीजी विभाग का प्रभारी था। कर्मचारी आपस में ही ड्यूटी एडजस्ट करते हैं और ड्यूटी लगाते हैं। अस्पताल प्रशासन का काम केवल स्टाफ उपलब्ध करवाना है।
मुझे जानकारी नहीं, वह कभी मेरे पास नहीं आया
जेके लोन हॉस्पिटल की सुपरिटेंडेंड निर्मला शर्मा ने बताया- ईसीजी टेक्नीशियन सतीश के बारे में मुझे जानकारी नहीं है और न ही वह मेरे पास कभी इस मामले को लेकर आया है।









