
प्रो. जेफ्री हिंटन ने ये बातें AI सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स की एक बैठक में कहीं। उन्हें अक्टूबर 2024 में फिजिक्स का नोबेल पुरस्कार मिल चुका है।
AI के ‘गॉडफादर’ कहे जाने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता जेफ्री हिंटन ने AI को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगले 3 साल में AI इंसानों को खत्म कर सकता है और दुनिया पर कब्जा कर सकता है।
उन्होंने कहा;-
मैं पहले कहता था कि AI 10 साल में हमसे ज्यादा स्मार्ट हो जाएगा, लेकिन अब यह 18 महीने में हो सकता है। यह डराने वाली बात है।

AI की दुनिया में क्या चल रहा है और इसका हमारी जिंदगी पर क्या असर पड़ेगा, 3 सवालों के जरिए समझिए …
सवाल-1: AI की दुनिया में ऐसा क्या चल रहा, जिससे सभी डरे हुए हैं?
जवाबः ऐसी आशंकाओं के पीछे दो बड़े आधार हैं…
1. AI अब सुपरइंटेलिजेंट बन रहा है
- AI को इंसानों ने बनाया और वही इसे सुधारते रहे हैं। लेकिन अब AI खुद को लगातार बेहतर बनाने में जुट गया है। वो अपनी कमियां पकड़ता है और उन्हें सुधारता है। यानी इंसानों की जरूरत घटती जा रही है।
- नए AI मॉडल अपनी सोच और तर्क को छिपाने में बेहतर हो रहे हैं। इससे उन पर नजर रखना मुश्किल होता जा रहा है।
- पहले AI से सवाल पूछो और वो जवाब देता था। लेकिन अब AI एजेंट से कहा जा सकता है कि इस समस्या को हल करो। वो खुद इंटरनेट और कंप्यूटर टूल्स का इस्तेमाल करता है, फैसले लेता है और समस्या को सुलझाता है। चाहे घंटों लग जाएं। हाल ही में 10,000 AI एजेंट्स ने 90 साल पुरानी Navier-Stokes गणित समस्या को सिर्फ 88 घंटे में सुलझा दिया।
2. इंसानों को चकमा देने लगा है AI
- ओपन AI के मुताबिक, जुलाई 2026 में टेस्ट के दौरान उसके दो AI मॉडल जानबूझकर टेस्टिंग से निकल भागे और चोरी की लॉगिन डिटेल्स का इस्तेमाल कर AI कंपनी Hugging Face के सर्वर तक पहुंच गए। वो भी बिना किसी इंसानी दखल के।
- एंथ्रोपिक के टेस्ट में मॉडल क्लॉड ओपस 4 ने खुद को बंद होने से बचाने के लिए एक अधिकारी के निजी अफेयर की जानकारी लीक करने की धमकी दी।
- यह टेस्ट OpenAI, Google, Meta समेत 16 बड़े मॉडल्स पर दोहराया गया और ज्यादातर मॉडल्स ने मौका मिलने पर ऐसा ही बर्ताव किया।

सवाल-2: तो क्या AI को कंट्रोल नहीं किया जा सकता?
जवाब: कोशिशें हो रही हैं, लेकिन अभी इन्हें पूरी तरह भरोसेमंद नहीं माना जा सकता।
- कंपनियां खुद सुरक्षा नियम बना रही हैं: एंथ्रोपिक और OpenAI ने खतरनाक AI क्षमताओं के लिए अपने-अपने सुरक्षा नियम बनाए हैं। लेकिन इन नियमों को कंपनियां खुद तय और बदल सकती हैं। यही सबसे बड़ी चिंता है।
- सरकारें भी नियम बनाने लगी हैं: अमेरिका और भारत में AI को लेकर नए नियम और गाइडलाइंस पर काम हो रहा है। लेकिन अभी दुनिया भर में AI के लिए एक जैसे सख्त नियम नहीं हैं।
सवाल-3: AI अगले कुछ सालों में हमारी जिंदगी कैसे बदल सकता है?
जवाब: डारियो अमोदेई का दावा है कि अगले 1 से 5 साल में AI की वजह से एंट्री लेवल की आधी नौकरियां खत्म हो जाएंगी। अगले 5 सालों में दुनिया में बेरोजगारी दर 20% तक पहुंच जाएगी। हालांकि, Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग का कहना है कि AI से नए तरह के काम और नौकरियां भी पैदा होंगी। वहीं, भारत में हुए AI समिट के दौरान डारियो अमोदेई ने दावा किया था, ‘जिन बीमारियों का इलाज सालों से नहीं मिला, AI उसका इलाज ढूंढने में काबिल है।









