
काकलवाड़ से बीजेपी नेता रामचंद्र गुर्जर निर्विरोध सरपंच हुए हैं।
टोंक जिले में पंचायत राज चुनाव के चौथे चरण में 129 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 926 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नाम वापसी के बाद सोमवार को होने वाले मतदान के लिए चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है।
टोडारायसिंह पंचायत समिति की काकलवाड़ ग्राम पंचायत से बीजेपी नेता रामचंद्र गुर्जर निर्विरोध सरपंच बने है। उनके सामने दो अन्य लोगों के नामांकन वैध पाए गए थे,लेकिन उन्होंने निर्धारित समय अवधि में नामांकन वापस ले लिए।

सरपंच पदों के लिए नामांकन दाखिल करते प्रत्याशी।
जिले की 4 पंचायत समितियों में सरपंच पद के लिए कुल 1348 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से 416 नाम वापस लिए गए। सोमवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं, 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
1343 वैध नामांकन में से 416 ने वापस लिए नाम
जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने बताया – चौथे चरण की 129 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच में 1343 नामांकन वैध पाए गए थे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 926 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

सरपंच पद के लिए नामांकन दाखिल करते समय मतदान केंद्र के बाहर लगी समर्थको की भीड़।
चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रचार में जुटे प्रत्याशी
नाम वापसी के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3 बजे चुनाव मैदान में डटे 926 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में लोगों के बीच पहुंचकर वोट मांगते नजर आए। कई जगह प्रत्याशियों ने चुनाव चिह्न वाले प्रतीकात्मक चित्र बनवाए और पंपलेट बांटकर प्रचार किया। इस दौरान गांवों में दिनभर चुनावी गहमा-गहमी बनी रही।
सोमवार को मतदान, 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव
चौथे चरण में जिले की 129 ग्राम पंचायतों में सोमवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।









