
बूंदी जिले के दहीखेड़ा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। खेत में काम कर रहे दो भाइयों पर उनके ही परिवार के लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों पर ट्रैक्टर भी चढ़ा दिया।
हमले में गंभीर घायल दोनों भाइयों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम की है। शुक्रवार को पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए।

हरि प्रसाद को एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
ताऊ के परिवार ने हमला किया
मृतक के बेटे सोनू कुमार ने बताया- पिता हरि प्रसाद और चाचा रामप्रसाद खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान ताऊ रामकुमार, उनका बेटा कमल मीणा, बबलू, ताऊ की पत्नी और चार-पांच अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर पिता और चाचा के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पर धारदार हथियारों से हमला किया और ट्रैक्टर भी चढ़ा दिया।
सोनू ने बताया कि परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दूसरे पक्ष के लोग उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। इसी विवाद के चलते पिता और चाचा पर हमला किया गया।

रामप्रसाद को परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
इलाज के दौरान मौत हुई
दहीखेड़ा थाना अधिकारी राम भरोसी ने बताया- गुरुवार शाम खेत में दो व्यक्तियों के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को स्थानीय अस्पताल भिजवाया। वहां से कोटा एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान हरि प्रसाद की मौत हो गई।
वहीं, रामप्रसाद को परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
थानाधिकारी ने बताया- घटना के बाद एक आरोपी कमल प्रसाद ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








