
लाखेरी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम हुआ। कोटा मंडल के अधिकारी बी.एल. मीना (सहायक परिचालन प्रबंधक) और सुनील जेठवानी (मोटर वाहन निरीक्षक) ने यात्रियों से सीधी बात की। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक ओमप्रकाश बैरवा भी मौजूद थे।
अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याएं सुनीं और रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव लिए। यात्रियों ने स्टेशन पर सुविधाओं की कमी बताई, जिसमें प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर शौचालय न होना मुख्य मुद्दा था।
यात्रियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर शौचालय न होने से खासकर महिला और बुजुर्ग यात्रियों को बहुत परेशानी होती है। उन्हें शौचालय के लिए एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ता है।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने यह भी बताया कि स्टेशन पर बने फुट ओवरब्रिज को भी बड़ा और चौड़ा किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी।







