
क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि बार-बार पानी पीने के बावजूद मुंह सूखा रहता है? खाना निगलने के लिए पानी की जरूरत पड़ती है या रात में मुंह सूखने से नींद खुल जाती है? अगर हां, तो इसे मामूली परेशानी समझकर नजरअंदाज न करें। यह जेरोस्टोमिया यानी ड्राई माउथ का संकेत हो सकता है।
मुंह में बनने वाली लार सिर्फ भोजन चबाने और निगलने में ही मदद नहीं करती, बल्कि दांतों को सड़ने से बचाने, स्वाद महसूस करने और मुंह को संक्रमण से सुरक्षित रखने में भी अहम भूमिका निभाती है। इसकी कमी से दांतों में कैविटी, मुंह से बदबू और खाने-पीने में परेशानी हो सकती है।
इसलिए आज ‘फिजिकल हेल्थ’ में बात करेंगे, जेरोस्टोमिया यानी ड्राई माउथ की। साथ ही जानेंगे कि-
- ड्राई माउथ की समस्या क्यों होती है?
- कैसे पहचानें कि यह किसी बीमारी का संकेत है?
- इससे राहत पाने के लिए क्या करें?
एक्सपर्ट- डॉ. रोहित शर्मा, सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, जयपुर
सवाल- जेरोस्टोमिया यानी ड्राई माउथ क्या है?
जवाब- यह ऐसी कंडीशन है, जिसमें व्यक्ति को मुंह में पर्याप्त लार (सलाइवा) न होने या मुंह सूखने का एहसास होता है। लार का निर्माण मुंह में मौजूद सैलिवरी ग्लैंड्स यानी लार बनाने वाली ग्रंथियों में होता है। ये ग्रंथियां मुंह को नम रखने, भोजन को चबाने–निगलने, स्वाद महसूस करने और मुंह को साफ रखने में मदद करती हैं।
सवाल- क्या ये कोई हेल्थ कंडीशन है?
जवाब- हां, ड्राई माउथ एक हेल्थ कंडीशन है, लेकिन यह अपने आप में कोई बीमारी नहीं है। इसे शरीर में होने वाले बदलावों या किसी दूसरी स्वास्थ्य समस्या से जुड़े लक्षण के तौर पर देखा जाता है। इसकी वजह सामान्य भी हो सकती है और किसी बीमारी से जुड़ी भी हो सकती है।

सवाल- मुंह में लार कैसे बनती है? इसका बनना क्यों जरूरी है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- मुंह में लार का निर्माण तीन मेजर ग्लैंड्स में होता है।
- ये तीनों ग्लैंड्स ब्लड से पानी और जरूरी तत्व लेकर लार बनाती हैं।
- फिर छोटी-छोटी नलियों के जरिए लार मुंह तक पहुंचती है।
- जब हम खाने को देखते हैं, उसकी खुशबू महसूस करते हैं या उसे चबाते हैं, तो ब्रेन इन ग्लैंड्स को ज्यादा लार बनाने का संकेत देता है।
लार का बनना क्यों जरूरी?
- लार भोजन को नरम करके चबाने और निगलने में मदद करती है।
- इसमें मौजूद एंजाइम कार्बोहाइड्रेट के पाचन की शुरुआत करते हैं।
- यह मुंह में एसिड को नियंत्रित करने, दांतों को सड़ने से बचाने और मुंह के टिश्यू को नम रखने में अहम भूमिका निभाती है।
- लार की कमी से इन सभी प्रक्रियाओं पर असर पड़ सकता है।
सवाल- ड्राई माउथ के सामान्य लक्षण क्या हैं?
जवाब- इसका एक अहम संकेत यह है कि पहले जो खाना आसानी से निगल लेते थे, उसे खाने में अब पानी की जरूरत पड़ने लगे। इसी तरह, लंबे समय तक बोलने पर मुंह में असहजता महसूस होना या रात में मुंह सूखने के कारण नींद खुलना भी इस समस्या का इशारा होता है। सभी संकेत ग्राफिक में देखिए-

सवाल- क्या बार-बार प्यास लगना और ड्राई माउथ होना एक ही बात है?
जवाब- नहीं, दोनों एक ही बात नहीं हैं। प्यास शरीर में पानी की जरूरत महसूस होने का संकेत है, जबकि ड्राई माउथ में मुंह के भीतर सूखापन महसूस होता है। यह लार कम बनने या मुंह में नमी कम होने के कारण हो सकता है।
दोनों समस्याएं एक साथ हो सकती हैं, जैसे डिहाइड्रेशन में। लेकिन कुछ लोगों को पर्याप्त पानी पीने के बावजूद मुंह सूखने की शिकायत रहती है।
सवाल- जेरोस्टोमिया यानी ड्राई माउथ के सबसे कॉमन कारण क्या हैं?
जवाब- ड्राई माउथ के सबसे आम कारणों में कुछ दवाओं का साइड इफेक्ट, शरीर में पानी की कमी और सोते समय मुंह से सांस लेना शामिल हैं। ग्राफिक में सभी कारण देखिए-

सवाल- किसी व्यक्ति को कैसे पता चले कि उसका मुंह सामान्य से ज्यादा सूख रहा है?
जवाब- अगर मुंह का सूखापन कभी-कभार होता है और पानी पीने या कुछ खाने के बाद ठीक हो जाता है, तो यह अस्थायी हो सकता है। लेकिन अगर बार-बार पानी पीने के बाद भी मुंह में नमी नहीं रहती, सूखा खाना निगलने में परेशानी होती है या रात में बार-बार मुंह सूखता है, तो यह लगातार ड्राई माउथ का संकेत हो सकता है।
सवाल- क्या कुछ दवाओं के कारण मुंह सूख सकता है?
जवाब- हां, कई दवाओं के साइड इफेक्ट के तौर पर मुंह सूखने की समस्या हो सकती है, जैसेकि-
- एलर्जी की दवाएं (एंटीहिस्टामिन)
- डिप्रेशन और एंग्जाइटी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कुछ दवाएं।
- हाई ब्लड प्रेशर की कुछ दवाएं।
- पेशाब बढ़ाने वाली दवाएं (डाइयूरेटिक्स)।
ये दवाएं लार बनने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं या शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती हैं। रिस्क इस बात पर भी निर्भर करता है कि कौन-सी दवा ली जा रही है, उसकी खुराक कितनी है और व्यक्ति एक साथ कितनी दवाएं ले रहा है।
सवाल- क्या डायबिटीज में भी मुंह सूखने की समस्या होती है?
जवाब- हां, ऐसा हो सकता है। इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- जब ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है, तो किडनी अतिरिक्त ग्लूकोज को यूरिन के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करती है।
- इस प्रक्रिया में शरीर से पानी भी ज्यादा निकल सकता है, जिससे डिहाइड्रेशन होता है और मुंह सूखने लगता है।
- लंबे समय तक ब्लड शुगर नियंत्रित न रहने से सेलिवरी ग्लैंड्स लार के काम पर भी असर पड़ सकता है।
- इससे लार कम बनने और मुंह में सूखापन महसूस होने की समस्या बढ़ सकती है।
सवाल- क्या थायरॉइड या ऑटोइम्यून बीमारियों में भी मुंह सूख सकता है?
जवाब- हां, थायरॉइड और कुछ ऑटोइम्यून बीमारियों में भी मुंह सूखने की समस्या हो सकती है। इसे पॉइंटर्स से समझिए-
थायरॉइड की समस्या: थायरॉइड हार्मोन का स्तर असंतुलित होने पर मुंह में सूखापन महसूस हो सकता है। हालांकि, हर थायरॉइड मरीज में ऐसा नहीं होता।
ऑटोइम्यून बीमारियां: इनमें शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से अपने ही स्वस्थ टिश्यू पर हमला करने लगता है। इससे लार बनाने वाली ग्रंथियां प्रभावित हो सकती हैं।
स्जोग्रेन सिंड्रोम: यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें लार और आंसू बनाने वाली ग्रंथियां प्रभावित होती हैं। इससे मुंह और आंखों में लगातार सूखापन हो सकता है।
सवाल- क्या तनाव, चिंता और नींद में मुंह खोलकर सांस लेने से ऐसा होता है?
जवाब- हां, तनाव, चिंता और सोते समय मुंह खोलकर सांस लेने से ड्राई माउथ की समस्या हो सकती है। इसे पॉइंटर्स से समझिए-
तनाव और चिंता: तनाव के दौरान शरीर में होने वाले बदलाव लार बनने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। इससे मुंह सूखने या लार गाढ़ी होने का एहसास हो सकता है।
मुंह खोलकर सोना: रात में मुंह से सांस लेने पर हवा लगातार मुंह के भीतर से गुजरती है। इससे मुंह की नमी कम हो सकती है और सुबह उठने पर मुंह सूखा महसूस हो सकता है।
नाक बंद होना: एलर्जी, सर्दी या नाक में रुकावट होने पर व्यक्ति मुंह से सांस लेने लगता है। इससे भी मुंह सूख सकता है।
खर्राटे और स्लीप एपनिया: कुछ लोगों में सोते समय सांस लेने में रुकावट या खर्राटों के कारण मुंह खुला रह सकता है। ऐसे में बार-बार मुंह सूखने की समस्या हो सकती है।
सवाल- क्या उम्र बढ़ने के साथ ड्राई माउथ का खतरा बढ़ता है?
जवाब- हां, कुछ लोगों में उम्र बढ़ने के साथ लार ग्रंथियों की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।
सवाल- लार कम बनने से दांतों और मसूड़ों पर क्या असर पड़ता है?
जवाब- लार मुंह में एसिड को नियंत्रित करने, भोजन के बचे हुए कणों को हटाने और दांतों के इनेमल को प्रोटेक्ट करने में मदद करती है। जब लार कम बनती है तो ओरल हेल्थ से जुड़ी कई समस्याओं का रिस्क बढ़ जाता है। ग्राफिक में देखिए-

सवाल- डॉक्टर कैसे पता लगाते हैं कि लार कम बन रही है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए–
लक्षणों की जानकारी: मुंह कितनी बार सूखता है, खाना निगलने में परेशानी होती है या नहीं और कौन-सी दवाएं लेते हैं।
मुंह की जांच: मुंह में नमी, लार की मात्रा, दांतों और मसूड़ों की स्थिति देखते हैं।
लार की जांच: जरूरत पड़ने पर तय समय में बनने वाली लार की मात्रा मापी जाती है।
अन्य जांचें: डायबिटीज या ऑटोइम्यून बीमारी का संदेह होने पर संबंधित ब्लड टेस्ट कराए जा सकते हैं।
सवाल- इसका इलाज कैसे किया जाता है?
जवाब- ड्राई माउथ का इलाज इसकी वजह और लक्षणों की गंभीरता पर निर्भर करता है। इसे पॉइंटर्स से समझिए-
कारण का इलाज: डायबिटीज या दूसरी बीमारी के कारण मुंह सूख रहा है, तो उसे नियंत्रित किया जाता है।
दवाओं में बदलाव: किसी दवा के साइड इफेक्ट से ऐसा होने पर डॉक्टर उसकी खुराक बदल सकते हैं या दूसरी दवा दे सकते हैं।
लार बढ़ाने के उपाय: शुगर-फ्री च्युइंग गम या लार बढ़ाने वाली दवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।
मुंह की नमी बनाए रखना: जरूरत पड़ने पर डॉक्टर सलाइवा सब्स्टिट्यूट यानी कृत्रिम लार वाले उत्पाद सुझा सकते हैं।
सवाल- मुंह का सूखापन दूर करने के लिए घर पर क्या कर सकते हैं?
जवाब- मुंह का सूखापन दूर करने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। सभी घरेलू उपाय ग्राफिक में देखिए-

सवाल- किन लक्षणों में डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?
जवाब- इन लक्षणों में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है-
- बार-बार मुंह सूखना और पानी पीने के बाद भी राहत न मिलना।
- खाना चबाने या निगलने में परेशानी होना।
- मुंह में बार-बार छाले या फंगल संक्रमण होना।
- दांतों में बार-बार कैविटी होना या मसूड़ों में परेशानी होना।
- मुंह सूखने के साथ बहुत ज्यादा प्यास लगना या बार-बार पेशाब आना।
- मुंह सूखने के साथ आंखों में भी लगातार सूखापन रहना।








