
दिवाली नजदीक है और बाजार मिठाइयों से गुलजार हैं। मिठाइयों पर लगा चांदी-सोने का वर्क इन्हें खूबसूरत बनाता है, लेकिन इसकी चमक सेहत के लिए खतरा बन सकती है।
हाल ही में राजस्थान में दैनिक भास्कर की पड़ताल में सिल्वर वर्क के एक सैंपल में 99% एल्युमिनियम और कैडमियम मिला। जबकि दूसरे में 85.17% आयरन पाया गया। वहीं गोल्ड वर्क के एक सैंपल में 88.20% तांबा, 12% जिंक मिला। दो अलग-अलग लैब में 4 सैंपल की जांच में इस मिलावट का खुलासा हुआ।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ये हैवी मेटल्स सेहत के लिए बेहद खतरनाक हैं। ऐसे में दिवाली पर मिठाइयां खरीदते समय सावधानी जरूरी है।
इसलिए आज ‘जरूरत की खबर’ में मिलावटी सिल्वर-गोल्ड वर्क के हेल्थ रिस्क पर बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-
- मिठाई खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें?
- अगर मिठाई पर नकली वर्क लगे होने का शक हो तो कहां और कैसे शिकायत करें?
एक्सपर्ट:
डॉ. बॉबी दीवान, सीनियर फिजिशियन, दिल्ली
देवेन्द्र कुमार दुबे, फूड सेफ्टी ऑफिसर, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, दमोह
सवाल- मिठाइयों पर सोने-चांदी का वर्क क्यों लगाया जाता है?
जवाब- मिठाइयों पर सोने-चांदी का वर्क लगाने की परंपरा काफी पुरानी है। इसके पीछे सजावट, शाही परंपरा और कुछ हद तक धार्मिक मान्यताएं भी जुड़ी हैं, जैसेकि-
- खूबसूरती बढ़ाने के लिए: चांदी–सोने का चमकदार वर्क मिठाइयों को आकर्षक बनाता है। इससे मिठाई स्पेशल और महंगी दिखती है।
- शाही परंपरा का हिस्सा: पुराने समय में राजा-महाराजाओं की थाली में परोसे जाने वाले खास पकवानों और मिठाइयों पर सोने-चांदी की पतली परतें लगाई जाती थीं। इससे भोजन को शाही और खास रूप दिया जाता था। धीरे-धीरे यह परंपरा आम मिठाइयों तक पहुंच गई।
- शुभ अवसरों पर इस्तेमाल: त्योहारों, शादियों और धार्मिक आयोजनों में वर्क लगी मिठाइयां खास तौर पर परोसी जाती हैं।
सवाल- इसे कैसे तैयार किया जाता है? क्या यह सचमुच सोने-चांदी जैसे मेटल से बना होता है?
जवाब- हां, असली खाने योग्य वर्क सोने-चांदी जैसी मेटल से ही बनाया जाता है। इसे इतना पतला किया जाता है कि यह कागज की परत जैसा दिखाई देता है।
कैसे बनता है सोने-चांदी का वर्क?
- सबसे पहले शुद्ध सोने-चांदी के छोटे टुकड़े लिए जाते हैं।
- इन टुकड़ों को खास कागज या अन्य उपयुक्त परतों के बीच रखकर मशीन से बार-बार पीटा जाता है।
- इससे मेटल गर्म होकर फैल जाती है। धीरे-धीरे यह कागज से भी पतली लेयर बन जाती है।
- इसे सावधानी से अलग करके छोटी-छोटी शीट में तैयार किया जाता है।
- इन पतली शीट को काजू कतली, बर्फी और दूसरी मिठाइयों पर सजावट के लिए लगाया जाता है।
सवाल- क्या असली सोने-चांदी के वर्क से सेहत को कोई फायदे भी होते हैं?
जवाब- फूड-ग्रेड शुद्ध सोने-चांदी के वर्क का इस्तेमाल मुख्य रूप से मिठाइयों की सजावट के लिए किया जाता है। हालांकि इससे सेहत को कोई खास फायदा होने के ठोस वैज्ञानिक सबूत नहीं हैं।
चांदी में एंटीमाइक्रोबियल गुण जरूर होते हैं, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि मिठाई पर लगा सिल्वर वर्क उसे बैक्टीरिया से बचाता है।
सवाल- सोने-चांदी की जगह नकली वर्क किन धातुओं से बनाया जा रहा है?
जवाब- दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, नकली चांदी के वर्क के सैंपल में एल्युमिनियम, कैडमियम और आयरन जैसी धातुएं मिलीं। वहीं नकली सोने के वर्क में तांबा और जिंक पाया गया।
सवाल- FSSAI ने मिठाइयों पर इस्तेमाल होने वाले सोने-चांदी के वर्क के लिए क्या मानक तय किए हैं?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- FSSAI के मानकों के मुताबिक, खाने में इस्तेमाल होने वाले चांदी के वर्क में कम-से-कम 99.9% शुद्ध चांदी होनी चाहिए।
- वर्क की शीट एकसमान होनी चाहिए और उसमें सिलवटें नहीं होनी चाहिए।
- वहीं ‘ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स’ (BIS) के मानक के मुताबिक, खाने योग्य गोल्ड लीफ वर्क में कम-से-कम 99.9% शुद्ध सोना होना चाहिए।
- पैक पर ग्रेड, सोने की शुद्धता, वजन और निर्माता से जुड़ी जानकारी होनी चाहिए।
सवाल- मिलावटी वर्क से सेहत को क्या नुकसान हो सकता है?
जवाब- इससे मतली, उल्टी, पेट दर्द और दस्त हो सकते हैं। वहीं कैडमियम के प्रभाव से किडनी और हड्डियों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके संभावित नुकसान ग्राफिक में देखिए-

सवाल- क्या नकली वर्क वाली मिठाई थोड़ी मात्रा में खाने से भी नुकसान हो सकता है?
जवाब- हां, इसका असर इस बात पर निर्भर करता है कि वर्क में कौन-सी धातु मौजूद है, उसकी मात्रा कितनी है। नकली वर्क वाली मिठाई को थोड़ी मात्रा में खाना भी सुरक्षित नहीं है।
सवाल- क्या वर्क हटाकर मिठाई खाने से जोखिम खत्म हो जाता है?
जवाब- नहीं, वर्क हटाने से जोखिम पूरी तरह खत्म नहीं होता। अगर वर्क में मौजूद धातुओं के कण मिठाई की सतह या उसकी परत में फैल गए हों, तो कुछ अवशेष मिठाई पर रह सकते हैं।

सवाल- क्या घर पर असली और नकली सिल्वर वर्क की पहचान करना संभव है?
जवाब- घर पर असली और नकली सिल्वर वर्क की पक्की पहचान करना मुश्किल है। इसके लिए लैब टेस्ट जरूरी है। हालांकि कुछ आसान घरेलू तरीकों से मिलावट का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसे ग्राफिक में देखिए-

सवाल- मिठाई खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें?
जवाब- इस दौरान मिठाई की क्वालिटी, साफ-सफाई और पैकिंग पर ध्यान देना जरूरी है। कुछ सावधानियों को ध्यान में रखकर मिलावटी मिठाइयों से बच सकते हैं।

सवाल- अगर मिठाई पर नकली वर्क लगे होने का शक हो तो कहां और कैसे शिकायत करें?
जवाब- इसकी शिकायत FSSAI या अपने राज्य के खाद्य सुरक्षा विभाग में कर सकते हैं। इसके लिए ये तरीके अपनाएं-
- FSSAI के हेल्पलाइन 1800-11-2100 पर कॉल करें।
- FSSAI के ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ एप या पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
- मिठाई की फोटो, खरीद का बिल, दुकान का नाम-पता और पैकिंग की जानकारी संभालकर रखें।
- शिकायत दर्ज करने के बाद मिले रेफरेंस नंबर से उसका स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।
सवाल- नकली वर्क लगी मिठाई बेचने पर क्या कानूनी कार्रवाई हो सकती है?
जवाब- अगर जांच में मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन साबित होता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई हो सकती है।
- खाद्य सुरक्षा विभाग मिठाई के सैंपल लेकर जांच करा सकता है।
- नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाया जा सकता है और दुकान का लाइसेंस निलंबित या रद्द हो सकता है।
- असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने पर धारा 59 के तहत, नुकसान की गंभीरता के आधार पर 3 महीने से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।








