
बाड़मेर में नागौर सांसद को मोबाइल देखते बच्चे ने रिस्पॉन्स नहीं दिया। नागौर के एक ठेकेदार साहब लक्ष्मी पूजन करके चर्चा में आ गए। बीजेपी के सीनियर नेता ने भरी सभा में कह दिया- मैं तुम्हारा विधायक-सांसद नहीं हूं और अलवर में ज्वेलरी शोरूम का गार्ड नशे में धुत मिला।
राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में…
1. सांसद जी बोले- राम-राम कर ले हमसे
बाल हठ के सामने कौन टिक सकता है? बड़े-बड़े राजा-महाराजा बाल हठ के सामने हार गए। फिर सांसदजी की क्या बिसात?
बाड़मेर में नागौर सांसद पंचायत चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से मेल-मुलाकात कर रहे थे। बाजार से गुजरते वक्त फूल-मालाओं के एक ठेले पर बच्चा बैठा दिखाई दिया। बच्चे के हाथ में मोबाइल।
सांसद जी बच्चों के साथ खूब वीडियो बना रहे हैं। राजनेता जब बच्चों पर प्यार लुटाएं तो समझ जाइए वे अपना राजनीतिक जीवन लंबा करना चाहते हैं। अल्फा और जेन-जी में पैठ बनाना चाहते हैं।
तो सांसद जी बच्चे को देख ठेले के पास ठिठक गए। उनके रुकते ही कार्यकर्ता भी रुक गए। सिक्योरिटी में लगे जवान रुक गए। जनता रुक गई। ठेले को घेर लिया गया।
सांसद महोदय ने बच्चे से राम-राम किया। बच्चा मोबाइल देखने में मग्न था। उसने आवाज को अनसुना कर दिया। पलक उठाकर तक नहीं देखा कि सामने कौन खड़ा है।
सांसद जी ने ओ भाई- ओ भाई की आवाज लगाई। बच्चे की नजर मोबाइल से हटी नहीं। टस से मस नहीं हुआ। हारकर सांसद ने कहा- ओ भाई, मोबाइल को साइड में रखकर राम-राम तो कर ले।
लोग हंसने लगे। दुनिया में क्या चल रहा है बच्चे को पता नहीं। उसके परिजन ने मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन उसने छोड़ा नहीं।
सांसद जी ने बाल-हठ का सम्मान किया और हंसते-मुस्कुराते आगे बढ़ गए।

बाड़मेर में फूल के ठेले पर बैठे बच्चे से बात करने की कोशिश करते सांसद हनुमान बेनीवाल। बच्चा मोबाइल में ही व्यस्त रहा।
2. ठेकेदारजी का लक्ष्मी-पूजन
नागौर के एक ठेकेदार साहब हैं। वे दस वाइन शॉप में पार्टनर हैं। घर का पेट्रोल पंप है। सब जगह से कैश में कलेक्शन आता है। आते ही वे बैंक में जमा करा देते हैं। दो-तीन दिन त्योहार के अवकाश के कारण रकम जमा नहीं हुई।
ऐसे में घर में ही नोटों को ढेर लगाकर लक्ष्मी पूजन कर लिया।
शास्त्रों में लिखा है कि धन को छुपाकर रखना चाहिए। धन का दिखावा करने से नजर लग जाती है। इस बात को दरकिनार कर ठेकेदार साहब ने लक्ष्मी पूजन किया सो किया, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया तक भी पहुंचा दिया।
नोट भी इतने कि गडि्डयां रखते-रखते नौ मंजिला टावर खड़ा हो गया। लक्ष्मी मैया की रौनक छा गई। नोटों की इमारत पर फूल सजाए। फिर लक्ष्मी मैया की आरती की।
अब हर तरफ इसी लक्ष्मी पूजन की चर्चा है। नागौर में नोटों की गडि्डयों की महिमा निराली है। यहां मायरा भरा जाता है, तब इतनी गड्डियां दिखती हैं। यहां के सेठ जब देने पर आते हैं तो इसी तरह गडि्डयां दान कर देते हैं।
खुद सांसद महोदय तेजाजी महाराज के मंदिर के लिए थैला भरकर नोटों की गडि्डयां लेकर पहुंच गए थे। अब ठेकेदार साहब ने नोटों का दिखावा कर दिया।
दिखावा करना अच्छी बात है, लेकिन ठेकेदार साहब सावधान, बस लक्ष्मीजी को नजर न लगे।

नागौर में ठेकेदार सुभाष ने नोटों की गडि्डयां जमाकर लक्ष्मी पूजन किया।
3. राजेंद्र राठौड़ का पलटवार
चूरू जिला परिषद के जोन 36 से पार्टी के उम्मीदवार के लिए समर्थन सभा करने पूर्व विधायक राजेंद्र राठौड़ भी पहुंच गए।
वे विकास के काम गिनाने लगे। राठौड़ साहब ने राजनीति में लंबा सफर तय किया। मंत्री रहे, नेता प्रतिपक्ष रहे, कई बार चुनाव लड़ा और कई बार विधानसभा पहुंचे।
पिछले चुनाव में जनता ने उन्हें अस्वीकार कर दिया। उन्हें पार्टी से बड़ी उम्मीदें हैं। लेकिन अब नई खेप मैदान में उतर गई है।
नेता कभी रिटायर नहीं होते। जब तक जन-समर्थक हैं, तब तक राजनीति चमक सकती है।
तो समर्थन सभा में जब माननीय विकास के काम गिना रहे थे तब किसी ने बिजली का मुद्दा उठा दिया।
इस पर राठौड़ साहब नाराज हुए और बोले- अरे भैया सुनो। राठौड़ साहब को क्या बना दिया ये पर्दे के पीछे से बोल रहे हो। मैं एमएलए हूं क्या आपका? या सांसद हूं? मैं तो हारा हुआ हूं।
इसके बावजूद जितने काम मैंने किए हैं, किसी और ने किए हैं क्या? पीछे से मत बोलो।

भाजपा के सीनियर नेता राजेंद्र राठौड़ सभा में बिजली के सवाल पर भड़क गए। बोले- मैं तुम्हारा विधायक-सांसद नहीं हूं।
4. चलते-चलते..
सोशल मीडिया पर असंख्य वीडियो सामने आते हैं। हर कोई जेब से मोबाइल निकालकर धुरंधर बन जाता है और किसी भी स्थिति पर रिपोर्टिंग करने लगता है।
अलवर के रोड नंबर 2 पर एक ज्वेलरी शोरूम के बाहर तैनात सुरक्षा गार्ड के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब घूम रहे हैं।
वीडियो बनाने वाला दावा करता है कि गार्ड नशे में है। लोगों से अभद्रता करने की बात भी कहता है। वीडियो बनाने वाला कहता है कि गार्ड ने शराब पी रखी है।
गार्ड उसके पास आता है। अपना नाम बताता है- मेरा नाम हवलदार विजय सिंह गुर्जर है। बोल क्या करेगा?
लोग तरह-तरह की बातें बनाते हैं। उस पर हंसते हैं। वह अपना काम कर रहा है। गन में कारतूस भरते वक्त भी उस पर युवकों का समूह हंसता है।
दीपावली पर लोग पटाखे चला रहे थे। गहने और मिठाई खरीद रहे थे। अपने घर में अपनों के साथ थे। ऐसे खुशी के मौके पर गार्ड अपने गांव, अपने घर, अपने परिवार, अपने बच्चों से दूर शोरूम के गेट पर तैनात है।
उसके भीतर क्या चल रहा होगा? कुछ हजार रुपए की नौकरी के लिए लंबी ड्यूटी। लगातार खड़े रहने की मजबूरी।
उसने कुछ कह भी दिया तो अनदेखा कर आगे बढ़ जाना चाहिए। कौन किन हालात से गुजर रहा है, यह रील्स के युग में समझ पाना बहुत कठिन है। जो दिखता है वो होता नहीं, जो होता है वो रील में नजर आए जरूरी नहीं।

अलवर के ज्वेलरी शोरूम पर तैनात गार्ड के नशे में होने का दावा किया गया।









