
10 नवंबर 2025 की शाम दिल्ली में लाल किले के सामने एक कार में धमाका हुआ। 11 लोगों की मौत हुई। NIA की जांच में पता चला कि ये आतंकी साजिश है। इसके तार हरियाणा में फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े। यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज में काम वाले तीन डॉक्टरों पर साजिश रचने और उसमें शामिल होने का आरोप लगा। NIA ने कार ब्लास्ट में मारे गए डॉ. उमर उन नबी को मुख्य आरोपी बताया।
यूनिवर्सिटी पर जांच शुरू हुई, तो ED ने वाइस चांसलर को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। मार्च 2026 में हरियाणा सरकार ने यूनिवर्सिटी का जिम्मा संभाल लिया। घटना के एक साल बाद हम फिर अल-फलाह पहुंचे। गेट पर गार्ड और बाउंसर्स तैनात मिले। अंदर सिर्फ यूनिविर्सिटी से जुड़े लोगों और मरीजों की ही एंट्री है। हम अस्पताल जाने की बात कहकर अंदर घुसे।

लाल किला ब्लास्ट के बाद से फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के गेट पर सिक्योरिटी सख्त हो गई। बाउंसर्स भी तैनात किए गए हैं।
स्टूडेंट बोले- डॉ. उमर काफी टेलेंडेट थे, ऐसा करेंगे सोचा नहीं था
हम मेडिकल कॉलेज की तरफ गए। उसके बगल में ही हॉस्टल है। हमने जब शूट करने की कोशिश की तो यूनिवर्सिटी के बाउंसर्स ने रोक दिया। स्टूडेंट्स और प्रशासन से बात करनी चाही, तो बाउंसर्स ने गेट के बाहर का रास्ता दिखा दिया। यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स से बात करने की सख्त मनाही है। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने NIA जांच का हवाला देकर बात करने से मना कर दिया।
यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर हमें MBBS फाइनल ईयर के स्टूडेंट उबैद (बदला हुआ नाम) मिले। बात करने को तैयार हुए, लेकिन पहचान सामने नहीं लाना चाहते। दिल्ली के जाकिर नगर के रहने वाले हैं। उबैद को लाल किला ब्लास्ट के मुख्य आरोपी डॉ. उमर ने भी पढ़ाया था।
वे बताते हैं, ‘यूनिवर्सिटी में काफी टैलेंटेड फैकल्टी है। डॉ. उमर भी बहुत टैलेंटेड थे। वो एमडी थे। उन्हें कोई कॉन्सेप्ट समझाने के लिए किताब की भी जरूरत नहीं पड़ती थी। हालांकि, लाल किला पर जो कुछ हुआ, उसका अंदाजा किसी को नहीं था। किसी के मन में क्या चल रहा है, कोई नहीं समझ सकता।’

’हमारी कोई गलती नहीं, फिर भी खामियाजा भुगत रहे’ ब्लास्ट के बाद से यूनिवर्सिटी की खराब हुई छवि को लेकर उबैद कहते हैं, ‘इसका सबसे ज्यादा असर स्टूडेंट्स पर पड़ा है। यहां से पढ़ाई पूरी कर चुके हमारे सीनियर्स को नौकरी तलाशने में दिक्कत आ रही है। उन्हें यूनिवर्सिटी का नाम सुनकर रिजेक्ट कर दिया गया। स्टूडेंट्स को इसका खामियाजा कम से कम चार-पांच साल उठाना पड़ेगा। हमें उस लेवल पर अपनी काबिलियत दिखानी पड़ेगी, जहां यूनिवर्सिटी की छवि का असर न हो।‘
MBBS थर्ड ईयर की एक स्टूडेंट ने बताया, ‘ब्लास्ट के बाद यहां डर का माहौल था। मैं भी पढ़ाई छोड़कर घर लौट गई थी। मन में था कि कहीं और दाखिला लेने की कोशिश करूंगी। करीब 20 दिन बाद कॉलेज लौटने के लिए फोन आया। कहा गया कि पढ़ाई जारी रखें और जांच में सहयोग करें। मैं डरी हुई थी, लेकिन इस वजह से लौट आई कि कहीं मेरा नाम भी फरार लोगों में शामिल न कर दिया जाए।‘
कैंपस के बाहर चाय की दुकान पर मिले कबीर (बदला हुआ नाम) कहते हैं, ‘हमले में डॉ. उमर का नाम आने के बाद समझ नहीं आ रहा था कि किस पर भरोसा करें। इन लोगों से कभी क्लास, तो कभी चाय पर रोज मुलाकात होती थी। कभी लगा ही नहीं कि कैंपस से इतनी बड़ी साजिश चल रही है।’

10 नवंबर को दिल्ली में लाल किला के पास हुए कार बम ब्लास्ट की तस्वीर।
पिछले गेट पर मिले थर्ड ईयर के स्टूडेंट साहिल (बदला हुआ नाम) कहते हैं, ‘ब्लास्ट की साजिश के बाद लगा था कि हमारा करियर खराब हो गया। हालांकि हरियाणा सरकार के कॉलेज संभालते ही छोड़कर गए स्टूडेंट और प्रोफेसर लौटने लगे। अब कॉलेज का माहौल पहले जैसा हो गया है।’
’अब कॉलेज के माहौल में दिक्कत नहीं, इसीलिए एडमिशन लिया’
अल-फलाह यूनिवर्सिटी को अल्पसंख्यक संस्थान का दर्जा हासिल है। इसके तहत 50% सीटें अल्पसंख्यक वर्ग के स्टूडेंट्स के लिए आरक्षित हैं। हालांकि, यहां सभी धर्म और समुदाय के स्टूडेंट पढ़ रहे हैं। इस साल यहां MBBS की 200 सीटें खाली हुईं, जो पूरी भर गईं। हमने MBBS की फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट मोहम्मद समीर से बात की। वे डे-बोर्डर हैं, जबकि उनके ज्यादातर दोस्त हॉस्टल में रहते हैं।
लाल किला ब्लास्ट में यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों का नाम सामने आने को लेकर समीर कहते हैं, ‘एडमिशन से पहले मन आगे-पीछे हुआ। हालांकि मैं लोकल हूं, इसलिए यूनिवर्सिटी के हालात पता हैं। यहां कोई दिक्कत नहीं दिखी, इसलिए एडमिशन ले लिया।‘
वे यूनिवर्सिटी की बिगड़ी इमेज का असर पड़ने की आशंका न के बराबर मानते हैं। समीर कहते हैं कि अगर ऐसा होता, तो यहां एडमिशन ही क्यों लेता। घरवालों को भी कोई डर नहीं है।‘
समीर का कहना है कि घटना की वजह से उनके परिवार या दूसरे स्टूडेंट्स को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो रही है।

समीर के मुताबिक, अच्छा कॉलेज है। यहां का माहौल अच्छा है, इसीलिए एडमिशन लिया।
यूनिवर्सिटी के बाहर दुकानदार बोले- 3 महीने मुश्किल में बीते
अल-फलाह यूनिवर्सिटी के बाहर चाय-नाश्ते और मेडिकल की कई दुकानें भी हैं। यहीं करीब तीन साल से मेडिकल शॉप चला रहे शाहीन (बदला हुआ नाम) कैमरे पर आने से बचते हैं। वे बताते हैं, ’ब्लास्ट की घटना के बाद दो-तीन महीने तक दुकानदारी पर असर पड़ा था। अब कोई दिक्कत नहीं है।’
वहीं यूनिवर्सिटी के सामने चाय की दुकान लगाने वाले एक दुकानदार ने बताया, ‘ब्लास्ट का आरोपी डॉ. उमर मेरी दुकान से सिगरेट खरीदता था। हर महीने 10 से 15 हजार रुपए का बिल बनता था। वो मोबाइल से पेमेंट करता। इसी लेनदेन की वजह से मैं जांच के घेरे में आ गया। पुलिस ने कई राउंड पूछताछ की थी।’
दुकानदार के मुताबिक, उमर अक्सर नशे में दिखता था। एक चाय के साथ 3 से 4 सिगरेट पी जाता था। हालांकि कभी कोई और गतिविधि नहीं देखी।

यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज का हाल पूछने पर कहते हैं, ‘अस्पताल में अब कम मरीज ही आते हैं। स्टाफ का भी बाहर निकलना कम हो गया है। चारों तरफ के गेट बंद रहते हैं। कई नए प्रोफेसर भी आए हैं।‘
OPD में मरीज नहीं, इमरजेंसी वार्ड भी खाली मिला
कुछ कर्मचारियों ने ऑफ द रिकॉर्ड ये भी बताया कि लोग डर के कारण अस्पताल नहीं आ रहे हैं। हमने लगातार तीन दिन अस्पताल का जायजा भी लिया। पहले दिन सरकारी छुट्टी थी, लगा इसीलिए OPD में मरीज नहीं है। इमरजेंसी वार्ड भी लगभग खाली था। हालांकि मौके पर डॉक्टर मौजूद थे। वर्किंग डे पर लगातार दो दिन जायजा लेने के बाद भी हालात लगभग यही दिखे।

अल-फलाह यूनिवर्सिटी के अंदर मौजूद अस्पताल में सन्नाटा दिखा।
मेडिकल कॉलेज में बच्चे का इलाज कराने आए शकील मेवात के टिकरी खेड़ा गांव के रहने वाले हैं। वे कहते हैं कि ब्लास्ट के बाद यूनिवर्सिटी का नाम खराब होना गलत है। हम तो यहीं पास के रहने वाले हैं। पूरा मेवात यहीं इलाज कराने आता है। जो अलग-अलग जगह खबरें आ रही हैं, वो सब बेवजह हैं। यहां सब बढ़िया है।’
ब्लास्ट के बाद दो बार इलाज कराने आ चुके तावड़ू के फरीद कहते हैं, ‘यहां के बारे में जैसा सुना, वैसा कुछ नहीं है। घटना के बाद दो बार यहां आ चुका हूं।‘
NIA ने 13 लोगों को आरोपी बनाया, उमर की ब्लास्ट में मौत
NIA ने लाल किला ब्लास्ट केस में 14 मई 2026 को 10 आरोपियों के खिलाफ करीब 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। इसमें मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी का नाम भी है, जिसकी ब्लास्ट में मौत हो गई थी। अन्य 9 आरोपियों में आमिर राशिद मीर, जासिर बिलाल वानी, मुजम्मिल शकील, आदिल अहमद राथर, शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान अहमद वागे, सोयब, बिलाल नसीर मल्ला और यासिर अहमद डार शामिल हैं।
इसके बाद जून 2026 में NIA ने तीन और लोगों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की। इनमें जामिर अहमद आहंगर, तुफैल अहमद भट और फरार आरोपी मुजफ्फर अहमद उर्फ फराज उर्फ जफर के नाम शामिल बताए गए। NIA के मुताबिक, इस मॉड्यूल ने कथित तौर पर यूनिवर्सिटी कैम्पस और आसपास के इलाकों में विस्फोटक टेस्ट किए थे।

सरकार ने यूनिवर्सिटी का कामकाज संभाला
हरियाणा सरकार ने अल-फलाह का प्रशासन अपने हाथों में ले लिया है। इसी साल 19 मार्च को सीनियर IAS अधिकारी अमित अग्रवाल को यूनिवर्सिटी का प्रशासक बनाया गया। JC बोस यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. अजय रंगा को अल-फलाह का भी वाइस चांसलर बना दिया गया। एग्जाम कंट्रोलर, रजिस्ट्रार और फाइनेंस विभाग में भी नए अफसर नियुक्त किए गए।
अगस्त 2026 में हरियाणा सरकार ने विधानसभा में ये भी साफ किया कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी का नाम बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है। NIA आतंकी साजिश से जुड़ी जांच कर रही है। जबकि ED मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन से जुड़े मामलों की कार्रवाई। इसके अलावा यूनिवर्सिटी की मान्यता, वित्तीय व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज की भी जांच हुई है।
………………….









