
आज वर्ल्ड डायबिटीज डे है। ‘वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन’ (WHO) के मुताबिक, दुनियाभर में करीब 83 करोड़ लोगों को डायबिटीज है। यह समस्या अचानक एक दिन या महीने में विकसित नहीं होती। नियोनेटल डायबिटीज जैसे कुछ दुर्लभ मामलों को छोड़ दें तो यह बीमारी सालों में धीरे-धीरे बढ़ती है। इसकी एक बड़ी वजह खराब लाइफस्टाइल और खानपान की आदतें हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब डायबिटीज धीरे-धीरे विकसित होती है, तो कई लोगों को इसका पता अचानक कैसे चलता है? इसका जवाब इस बात में छिपा है कि आप ब्लड शुगर की जांच के लिए कौन-सा टेस्ट करवाते हैं।
इसलिए आज ‘जरूरत की खबर’ में डायबिटीज से जुड़े ब्लड टेस्ट के बारे में विस्तार से बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-
- HbA1c टेस्ट क्या है? यह कैसे किया जाता है?
- डायबिटीज का पता अक्सर देर से क्यों चलता है?
एक्सपर्ट- डॉ. अभिनव कुमार गुप्ता, सीनियर कंसल्टेंट, एंडोक्रोनोलॉजी, नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर
सवाल- HbA1c टेस्ट क्या है? यह कैसे किया जाता है?
जवाब- इसे पाॅइंटर्स से समझिए-
- HbA1c (ग्लाइकेटेड हीमोग्लोबिन) टेस्ट पिछले 2-3 महीनों का औसत ब्लड शुगर बताता है।
- यह डायबिटीज के डायग्नोसिस और कंट्रोल मॉनिटरिंग में मदद करता है।
- इसमें ब्लड में हीमोग्लोबिन से जुड़ी ग्लूकोज की मात्रा मापी जाती है।
- इस टेस्ट के लिए फास्टिंग जरूरी नहीं होती।
- आमतौर पर नस से ब्लड सैंपल लिया जाता है।
- इसकी रिपोर्ट प्रतिशत (%) में आती है।
- 5.7% से कम ब्लड शुगर सामान्य, 5.7–6.4 प्री-डायबिटीज, 6.5% या इससे ज्यादा का मतलब डायबिटीज है।
सवाल- फास्टिंग इंसुलिन टेस्ट क्या है? ये कैसे किया जाता है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- यह टेस्ट ब्लड में इंसुलिन का लेवल मापता है।
- इंसुलिन एक हार्मोन है, जो पैंक्रियाज (अग्न्याशय) बनाता है और ब्लड में मौजूद शुगर को शरीर की सेल्स तक पहुंचाने में मदद करता है।
- जब सेल्स इंसुलिन के प्रति कम संवेदनशील हो जाती हैं और उसके निर्देशों का ठीक से पालन नहीं करतीं, तो इसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहते हैं।
- ऐसी स्थिति में ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए पैंक्रियाज को पहले से ज्यादा इंसुलिन बनाना पड़ता है।
- फास्टिंग इंसुलिन टेस्ट से पता चलता है कि शरीर कितना इंसुलिन बना रहा है। इससे इंसुलिन रेजिस्टेंस की स्थिति समझने में मदद मिलती है।
- टेस्ट के लिए आमतौर पर 8-12 घंटे खाली पेट रहना होता है। इस दौरान सादा पानी पी सकते हैं।
- हाथ की नस से ब्लड का सैंपल लिया जाता है।
- इसकी रिपोर्ट आमतौर पर µIU/mL या mIU/L में आती है। रिपोर्ट में इंसुलिन का लेवल लैब की तय सामान्य सीमा से मिलाकर देखा जाता है।
- डॉक्टर जरूरत पड़ने पर इसे फास्टिंग ब्लड शुगर के साथ देखकर इंसुलिन रेजिस्टेंस का आकलन करते हैं।
सवाल- डायबिटीज का शक होने या अमूमन इसकी संभावना चेक करने के लिए कौन-सा टेस्ट किया जाता है?
जवाब- डायबिटीज का शक होने पर आमतौर पर कुछ बेसिक टेस्ट किए जाते हैं, जैसेकि-
फास्टिंग ब्लड शुगर (FBS): इसमें 8-12 घंटे उपवास के बाद खाली पेट शुगर लेवल मापा जाता है।
पोस्टप्रांडियल ब्लड शुगर (PPBS): यह टेस्ट खाने के 2 घंटे बाद किया जाता है। इससे खाने के बाद का ग्लूकोज लेवल पता चलता है।
HbA1c टेस्ट: यह पिछले 2–3 महीनों का औसत ब्लड शुगर दिखाता है।
ये तीनों टेस्ट सबसे कॉमन हैं और प्राइमरी जांच के लिए पर्याप्त माने जाते हैं।

सवाल- अब डॉक्टर ये क्यों कह रहे हैं कि HbA1c टेस्ट से ज्यादा जरूरी फास्टिंग इंसुलिन टेस्ट है?
जवाब- HbA1c टेस्ट पिछले 2-3 महीनों का औसत ब्लड शुगर लेवल बताता है, जबकि फास्टिंग इंसुलिन टेस्ट शरीर में इंसुलिन के स्तर की जानकारी देता है।
- कई बार शरीर में इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ने के बावजूद ब्लड शुगर सामान्य रहता है।
- ऐसे में HbA1c टेस्ट में शुरुआती मेटाबॉलिक गड़बड़ी का पता नहीं चल पाता।
- फास्टिंग इंसुलिन टेस्ट कुछ मामलों में इंसुलिन रेजिस्टेंस का संकेत दे सकता है।
- इसलिए प्रिवेंशन और रूट-कॉज समझने में यह टेस्ट ज्यादा उपयोगी माना जा रहा है।
सवाल- टेस्ट में HbA1c नॉर्मल आया तो क्या टेंशन की जरूरत नहीं है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- HbA1c नॉर्मल होना अच्छा संकेत है, पर पूरी तरह जोखिम खत्म नहीं होता।
- इसमें शुरुआती इंसुलिन रेजिस्टेंस नहीं पता चलता है।
- यह नहीं पता चलता है कि शरीर को ब्लड शुगर काबू करने के लिए कितना ज्यादा इंसुलिन खर्च करना पड़ रहा है। आगे चलकर यह डायबिटीज में बदल सकता है।
सवाल- टेस्ट में HbA1c नॉर्मल आया, लेकिन फास्टिंग इंसुलिन हाई आया तो क्या टेंशन की बात है?
जवाब- HbA1c नॉर्मल, लेकिन फास्टिंग इंसुलिन हाई होना शुरुआती चेतावनी है। यह इंसुलिन रेजिस्टेंस का संकेत है। इसका मतलब है कि भविष्य में डायबिटीज का जोखिम है। अभी शुगर नॉर्मल रह सकती है, पर मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। समय रहते डाइट, एक्सरसाइज और वेट कंट्रोल करना जरूरी है।
सवाल- टेस्ट में HbA1c और फास्टिंग इंसुलिन, दोनों नॉर्मल आया मतलब सब ठीक है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- HbA1c और फास्टिंग इंसुलिन दोनों नॉर्मल होना अच्छा संकेत है।
- यह बताता है कि शुगर और इंसुलिन संतुलन फिलहाल ठीक है।
- फिर भी लाइफस्टाइल, डाइट और फिजिकल एक्टिविटी बनाए रखना जरूरी है।
- फैमिली हिस्ट्री या वजन ज्यादा हो तो रेगुलर जांच कराते रहें।
सवाल- फास्टिंग इंसुलिन कितना हो तो फिक्र करनी चाहिए?
जवाब- इसकी सामान्य रेंज लैब और टेस्टिंग मेथड के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। कई लैब में इसकी रेफरेंस रेंज लगभग 2 से 25 µIU/mL तक होती है। वहीं डॉ. रॉबर्ट लस्टिग अपनी किताब ‘मेटाबॉलिकल’ में लिखते हैं कि फास्टिंग इंसुलिन का स्तर 10 µIU/mL से कम होना बेहतर है। उनके मुताबिक, 15 µIU/mL से ज्यादा स्तर इंसुलिन रेजिस्टेंस का संकेत हो सकता है।
सवाल- डायबिटीज का पता अक्सर देर से क्यों चलता है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- यह धीरे-धीरे विकसित होने वाली कंडीशन है।
- शुरुआती दौर में शरीर इंसुलिन बढ़ाकर ब्लड शुगर को कंट्रोल करता रहता है।
- इस स्टेज में लक्षण बहुत हल्के या न के बराबर होते हैं।
- HbA1c और शुगर टेस्ट भी शुरुआती बदलाव का पता नहीं लगा पाते।
- जब शरीर की क्षमता घटती है, तब शुगर बढ़ने लगती है।
- उसी समय डायबिटीज स्पष्ट रूप से डायग्नोज होती है।

सवाल- अकसर लोग सिर्फ फास्टिंग ब्लड शुगर टेस्ट ही करवाते हैं? लेकिन क्या ये काफी है?
जवाब- पॉइंटर्स से समझिए-
- यह केवल एक समय का ग्लूकोज लेवल बताता है।
- शुरुआती इंसुलिन रेजिस्टेंस छूट सकता है।
- बेहतर आकलन के लिए HbA1c या अन्य टेस्ट जरूरी हैं।
फास्टिंग ब्लड शुगर नार्मल आया?
- नॉर्मल रिपोर्ट बताती है कि उस समय शुगर लेवल संतुलित है।
- यह जरूरी नहीं कि मेटाबॉलिज्म्म पूरी तरह हेल्दी हो।
- इंसुलिन रेजिस्टेंस छिपा रह सकता है।
- जोखिम हो तो नियमित जांच और लाइफस्टाइल में सुधार जरूरी है।
फास्टिंग ब्लड शुगर ज्यादा आया?
- इसका मतलब है कि अभी ग्लूकोज कंट्रोल में नहीं है।
- यह प्री-डायबिटीज या डायबिटीज का संकेत हो सकता है।
- शरीर इंसुलिन का सही उपयोग नहीं कर पा रहा होता।
- पुष्टि के लिए दोबारा टेस्ट और अन्य जांच जरूरी होती हैं।

सवाल- किन लोगों को फास्टिंग इंसुलिन टेस्ट जरूर करवाना चाहिए?
जवाब- कुछ लोगों को फास्टिंग इंसुलिन टेस्ट जरूर करवाना चाहिए। इसे ग्राफिक में देखिए-

सवाल- डायबिटीज से बचाव के लिए कौन-सी लाइफस्टाइल में क्या बदलाव जरूरी हैं?
जवाब- इसके लिए ये सभी बदलाव जरूरी हैं-
- संतुलित डाइट लें।
- रिफाइंड शुगर और मैदा कम करें।
- खाने में फाइबर व प्रोटीन बढ़ाएं।
- रोज 30–45 मिनट वॉक, योग या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें।
- वजन नियंत्रित रखें, खासकर पेट की चर्बी कम करें।
- 7–8 घंटे की पर्याप्त नींद लें।
- तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन या प्राणायाम करें।
- लंबे समय तक बैठे रहने से बचें।
- स्मोकिंग और ड्रिंकिंग न करें।
- समय-समय पर ब्लड शुगर और हेल्थ चेकअप कराते रहें।









