
‘कॉफी बोर्ड ऑफ इंडिया’ के एक सर्वे के मुताबिक, 84% भारतीय नियमित रूप से चाय-कॉफी पीते हैं। इनमें कई लोग ऐसे हैं, जिनके दिन की शुरुआत खाली पेट सीधे चाय-कॉफी पीने से होती है।
किसी को सुबह की पहली चुस्की सुकून देती है, तो किसी को इससे सुस्ती दूर करने और तरोताजा महसूस करने में मदद मिलती है। लेकिन खाली पेट चाय–कॉफी पीना कुछ लोगों के लिए परेशानी भी पैदा कर सकता है।
इसलिए आज ‘जरूरत की खबर’ में समझेंगे कि सुबह चाय-कॉफी पीना कितना सही है। साथ ही जानेंगे कि-
- सुबह खाली पेट चाय-कॉफी पीने से शरीर में क्या होता है?
- चाय-कॉफी पीने का सही समय क्या है?
एक्सपर्ट- अमृता मिश्रा, सीनियर डाइटीशियन, दिल्ली
सवाल- ज्यादातर लोग सुबह खाली पेट चाय-कॉफी पीते हैं। क्या यह सेहत के लिए सही है?
जवाब- इसका असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग हो सकता है। कुछ लोगों को खाली पेट चाय-कॉफी पीने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जैसेकि-
- पेट में जलन, गैस या एसिडिटी हो सकती है।
- चाय में मौजूद टैनिन से मतली या पेट में असहजता हो सकती है।
- ज्यादा चीनी वाली चाय से ब्लड शुगर स्पाइक हो सकता है।
- कैफीन एसिडिटी और पेट की परेशानी बढ़ा सकता है।
- कैफीन-सेंसिटिव लोगों में घबराहट, हाथ कांपने या हार्ट बीट बढ़ने की समस्या हो सकती है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि खाली पेट चाय-कॉफी पीते ही हर किसी को नुकसान होगा। इसका असर व्यक्ति की कैफीन सहन करने की क्षमता, पीने की मात्रा और पेट की स्थिति पर निर्भर करता है।
सवाल- खाली पेट चाय-कॉफी पीने पर शरीर में क्या होता है?
जवाब- इससे शरीर में कई बदलाव हो सकते हैं, जैसेकि-
- अलर्टनेस और एकाग्रता बढ़ सकती है।
- कुछ समय के लिए थकान कम हो सकती है।
- पेट में एसिड प्रोडक्शन बढ़ सकता है।
- नींद आने में समस्या हो सकती है।
ये असर इस बात पर भी निर्भर करता है कि चाय-कॉफी दूध और चीनी के साथ पी है या बिना इनके पी है।
सवाल- खाली पेट चाय-कॉफी पीने के क्या फायदे हैं?
जवाब- खाली पेट चाय कॉफी के फायदे तभी हैं, जब ये बिना दूध-चीनी के पी जाए। खासतौर पर सुबह ब्लैक कॉफी पीना बहुत फायदेमंद है। ग्राफिक में सभी फायदे देखिए-

सवाल- खाली पेट चाय-कॉफी पीने के नुकसान क्या हैं?
जवाब- खाली पेट चाय-कॉफी पीने से आमतौर पर जो नुकसान होते हैं, वो दूध-चीनी के साथ इसे पीने पर होते हैं। ग्राफिक में देखिए-

सवाल- खाली पेट चाय-कॉफी से एसिडिटी, गैस या पेट में जलन क्यों बढ़ती है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- चाय-कॉफी में मौजूद कैफीन पेट में एसिड का स्राव (सिक्रीशन) बढ़ा सकती है।
- खाली पेट एसिड का असर ज्यादा महसूस हो सकता है। इससे पेट में जलन और बेचैनी होती है।
- इसके अलावा कैफीन फूड पाइप और पेट के बीच की मांसपेशियों को ढीला कर सकती है।
- इससे पेट का एसिड वापस खाने की नली में पहुंचने लगता है।
- नतीजतन एसिडिटी, खट्टी डकार और सीने में जलन की समस्या हो सकती है।
- गैस्ट्राइटिस, एसिडिटी या अल्सर वाले लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है।
सवाल- क्या खाली पेट चाय-कॉफी पीने से स्ट्रेस, घबराहट या हार्ट रेट बढ़ सकता है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- कैफीन एक स्टिमुलेंट है, जो ब्रेन और नर्वस सिस्टम को एक्टिव करता है।
- यह एड्रेनालिन जैसे ‘फाइट-ऑर-फ्लाइट’ हार्मोन का लेवल बढ़ा सकता है।
- इससे कुछ लोगों में बेचैनी, घबराहट और तनाव महसूस हो सकता है।
- खाली पेट कैफीन का असर ज्यादा तेज और स्पष्ट महसूस हो सकता है।
- इससे हार्ट रेट बढ़ सकती है।
- कुछ लोगों में ब्लड प्रेशर भी अस्थायी रूप से बढ़ सकता है।
सवाल- खाली पेट चाय-कॉफी पीने से ब्लड शुगर पर क्या असर होता है?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- खाली पेट चीनी वाली चाय-कॉफी पीने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकती है।
- इसके बाद ब्लड शुगर अचानक क्रैश करता है। इससे भूख, कमजोरी या थकान महसूस हो सकती है।
- कैफीन एड्रेनालिन और कोर्टिसोल जैसे स्ट्रेस हार्मोन बढ़ाकर ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकता है।
- कैफीन अस्थायी रूप से इंसुलिन की कार्यक्षमता कम कर सकता है।
- बिना चीनी वाली चाय-कॉफी का ब्लड शुगर पर सीधा असर कम होता है।
- डायबिटिक या प्री-डायबिटिक लोगों में ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव का जोखिम अधिक होता है।
सवाल- दूध–चीनी के साथ और दूध–चीनी के बिना चाय पीने में क्या फर्क है?
जवाब- दोनों के शरीर पर अलग-अलग प्रभाव होते हैं। दूध-चीनी वाली चाय में एक्स्ट्रा कैलोरी और शुगर होती है, जबकि काली चाय में कैलोरी बहुत कम होती है और एंटीऑक्सिडेंट ज्यादा मात्रा में मिलते हैं। मुख्य फर्क ग्राफिक में देखिए-

सवाल- ब्लैक कॉफी और मिल्क-शुगर वाली कॉफी पीने में क्या फर्क है?
जवाब- दोनों में कैफीन होता है, लेकिन कैलोरी, शुगर और न्यूट्रिशन के मामले में दोनों अलग हैं। ब्लैक कॉफी में कैलोरी लगभग न के बराबर होती है, जबकि दूध-चीनी वाली कॉफी में एक्स्ट्रा कैलोरी और शुगर होती है। दाेनों के बीच फर्क ग्राफिक में देखिए-

सवाल- किन लोगों को खाली पेट चाय-कॉफी पीने से बचना चाहिए?
जवाब- जिन्हें एसिडिटी, गैस्ट्रोएसोफेजियल रिफ्लक्स डिजीज (GERD) या पेट में जलन की समस्या रहती है, उन्हें खाली पेट चाय-कॉफी पीने से बचना चाहिए।

सवाल- चाय-कॉफी पीने का सही समय क्या है?
जवाब- इसका बेहतर समय सुबह उठने के 30-60 मिनट बाद या नाश्ते के बाद होता है। इसे मिड-मॉर्निंग यानी सुबह 10-11 बजे भी पी सकते हैं। दोपहर के बाद चाय-कॉफी पीने से बचना बेहतर है, क्योंकि इसमें मौजूद कैफीन रात की स्लीप क्वालिटी को प्रभावित कर सकती है।

सवाल- चाय-कॉफी से अलग मॉर्निंग एनर्जी के बेहतर विकल्प क्या हैं?
जवाब- रातभर सोने के बाद शरीर को हाइड्रेशन और पोषण की जरूरत होती है। इसके लिए सुबह उठकर नींबू पानी जैसे ड्रिंक ले सकते हैं। सुबह एनर्जी के लिए बेहतर विकल्प ग्राफिक में देखिए-

सवाल- नाश्ते और चाय-कॉफी के बीच कितना गैप होना चाहिए?
जवाब- नाश्ता करने के लगभग 30-60 मिनट बाद चाय या कॉफी पीना बेहतर माना जाता है। इससे पाचन पर कम असर पड़ता है, एसिडिटी का रिस्क घटता है और न्यूट्रिशंस के अवशोषण में बाधा कम होती है।
सवाल- एक दिन में कितनी चाय-कॉफी पीना सुरक्षित है?
जवाब- आमतौर पर स्वस्थ वयस्कों के लिए 2-4 कप चाय या 2-कप कॉफी सुरक्षित मानी जाती है। कुल कैफीन सेवन लगभग 400 मिलीग्राम प्रतिदिन से अधिक नहीं होना चाहिए।
……………………….









