
सवाल- मेरा बेटा 8 साल का है। घर पर वह खूब चटर–पटर बातें करता है, दुनिया–जहान की कहानियां सुनाता रहता है। लेकिन हाल ही में मुझे यह जानकर बहुत शॉक लगा कि वह स्कूल में बात नहीं करता। पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में उसकी टीचर ने बताया कि वह क्लास में बहुत कम बोलता है। सवालों के जवाब भी नहीं देता।
मैं ये बात बिल्कुल पचा नहीं पा रही। घर में जिस बच्चे को बोलना पड़ता है कि “बेटा, थोड़ी देर चुप हो जा,” वही बच्चा स्कूल में जाकर इतना चुप हो जा रहा है। क्या हमसे कहीं कोई गलती हुई है? क्या बच्चा स्कूल में परेशान है? हम क्या करें, टीचर से क्या पूछें और बच्चे की हेल्प कैसे करें?
एक्सपर्ट- डॉ. अमिता श्रृंगी, साइकोलॉजिस्ट, फैमिली एंड चाइल्ड काउंसलर, जयपुर
जवाब- सवाल पूछने के लिए शुक्रिया। बच्चों का व्यवहार घर और स्कूल दोनों जगह अलग हो सकता है। कुछ बच्चे घर पर खूब बातें करते हैं, लेकिन स्कूल में चुप रहते हैं। वहीं कुछ बच्चे टीचर के सवाल का जवाब देने में हिचकते हैं।
चाइल्ड साइकोलॉजी के मुताबिक, बच्चे का कम बोलना अपने आप में कोई समस्या नहीं है। यह समझना जरूरी है कि क्या बच्चा स्वभाव से शांत है या वह बोलना चाहता है, लेकिन किसी डर, झिझक या परेशानी के कारण अपनी बात नहीं रख पाता। इन दोनों स्थितियों में बच्चे की मदद करने का तरीका अलग होता है।
बच्चे के चुप रहने की संभावित वजहें
- हर बच्चे का स्वभाव अलग होता है। कुछ बच्चे नई जगह पर जल्दी घुल-मिल जाते हैं, जबकि कुछ को सहज होने में समय लगता है।
- घर पर खुलकर बात करना अच्छी बात है, लेकिन इससे यह जरूरी नहीं कि बच्चा स्कूल में भी उतना ही सहज हो।
- हो सकता है कि उसे पूरी क्लास के सामने बोलने में डर लगता हो।
- उसे गलत जवाब देने, दूसरे बच्चों के हंसने या टीचर के डांटने का डर हो सकता है।
- कुछ बच्चे जवाब जानते हुए भी सबके सामने बोलने में झिझकते हैं।
- वहीं कुछ बच्चे किसी गतिविधि में शामिल होने से पहले दूसरों को देखते हैं। उन्हें सहज होने के लिए समय और सुरक्षित माहौल चाहिए होता है।
बच्चे के क्लास में कम बोलने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसेकि-

बच्चे से कैसे बात करें?
ऐसी स्थिति में पेरेंट्स को बच्चे के अनुभवों और भावनाओं को समझने की कोशिश करनी चाहिए। उससे सीधे यह पूछने की बजाय कि वह क्लास में क्यों नहीं बोलता, बातचीत को सहज रखें। ध्यान रखें कि बच्चा खुद को दोषी न महसूस करे। इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखें-
- बातचीत ऐसे समय करें, जब बच्चा सहज और तनावमुक्त हो।
- स्कूल से लौटते ही सवालों की झड़ी न लगाएं।
- खेलते समय, साथ खाना खाते हुए या सोने से पहले बातचीत कर सकते हैं।
- उसकी बात ध्यान से सुनें और बीच में टोकने या जज करने से बचें।
बच्चे से पूछें ये सवाल
- क्लास में तुम्हें सबसे अच्छा क्या लगता है?
- तुम क्लास में किन बच्चों के साथ रहते हो?
- तुम्हें किन बच्चों के साथ बैठना अच्छा लगता है?
- टीचर जब सवाल पूछती हैं, तो तुम्हें कैसा लगता है?
- क्या जवाब पता होने के बावजूद हाथ उठाने में झिझक होती है?
- टीचर से अपनी बात कहने में कैसा महसूस होता है?
अगर बच्चा कहता है कि उसे गलत जवाब देने का डर लगता है, तो समझाएं कि गलती करना सीखने का हिस्सा है। गलत जवाब देने पर भी उसे डांटा या शर्मिंदा नहीं किया जाएगा।
अगर वह बताता है कि दूसरे बच्चे उस पर हंसते हैं, तो उसकी बात को गंभीरता से लें। उससे पूछें कि ऐसा कब और किस स्थिति में हुआ। जरूरत पड़ने पर टीचर से बात करके क्लास में उसके लिए सुरक्षित और सहज माहौल बनाने की कोशिश करें।
बच्चे से बात करते हुए इन बाताें का ध्यान रखें-

PTM में टीचर से कैसे बात करें?
PTM (पेरेंट्स-टीचर मीटिंग) में अपनी चिंता जताने की बजाय सहयोग की भावना से बात करें। आपका मकसद यह समझना होना चाहिए कि-
- बच्चा किन परिस्थितियों में सहज रहता है?
- वह किन परिस्थितियों में चुप हो जाता है?
टीचर से कहें कि आप घर और स्कूल में उसके व्यवहार के बीच का अंतर समझना चाहती हैं। यह भी समझने की कोशिश करें कि बच्चा सिर्फ पूरी क्लास के सामने बोलने में झिझकता है या टीचर से अकेले में बात करने में भी असहज महसूस करता है। इससे उसकी झिझक की वजह समझने में मदद मिलेगी।
PTM में टीचर से ये 8 सवाल जरूर पूछें। इन सवालों के जरिए बच्चे के व्यवहार और परेशानी को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।

समस्या को कैसे हल करें?
अब तक आप बच्चे के कम बोलने की संभावित वजह समझ गई होंगी। अब उसकी झिझक दूर करने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए टीचर के साथ मिलकर ये कोशिशें कर सकती हैं-
- अगर बच्चा पूरी क्लास के सामने बोलने से घबराता है तो टीचर शुरुआत में उसे छोटे समूह में बोलने के मौके दें।
- पहले उसे किसी एक दोस्त के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित करें। इसके बाद धीरे-धीरे ग्रुप में बोलने के मौके दें।
- टीचर से कहें कि बच्चे को अचानक पूरी क्लास के सामने जवाब देने के लिए मजबूर न करें।
- जवाब न दे पाने पर उसे डांटने या दूसरे बच्चों से तुलना करने से बचें। उसे सोचने और जवाब देने के लिए पर्याप्त समय दें।
- जिस विषय में बच्चा अच्छा प्रदर्शन करता है, उससे जुड़ी एक्टिविटीज में उसे हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
- शुरुआत में हाथ उठाकर जवाब देने की बजाय लिखकर या किसी साथी की मदद से जवाब देने का विकल्प दें।
बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए पेरेंट्स और टीचर मिलकर एक योजना बना सकते हैं। इसमें छोटे-छोटे लक्ष्य तय करें और हर कोशिश के लिए बच्चे की तारीफ करें। आत्मविश्वास बढ़ाने के कुछ और तरीके ग्राफिक में देखिए-

घर पर कैसे बढ़ाएं बच्चे का आत्मविश्वास?
पेरेंट्स को घर में ऐसा माहौल बनाना चाहिए, जहां बच्चा बिना किसी डर या झिझक के अपनी बात कह सके। इसके लिए कुछ तरीके अपना सकते हैं-
- बच्चे के साथ रोल-प्ले करें। मान लीजिए, उसे टीचर से कोई सवाल पूछना है। ऐसे में आप टीचर की भूमिका निभाएं और बच्चे को सवाल पूछने का अभ्यास कराएं। धीरे-धीरे जब वह सहज हो जाए, तो भूमिकाएं बदल लें। उसे यह भी सिखाएं कि जरूरत पड़ने पर वह किस तरह मदद मांग सकता है।
- घर पर उसके दोस्तों को बुलाएं, साथ में बोर्ड गेम खेलें या छोटे समूह में उसकी पसंद के विषयों पर बातचीत करें। इससे उसे दूसरों के साथ घुलने-मिलने का मौका मिलेगा और अपनी बात कहने का अभ्यास होगा।

कब एक्सपर्ट की मदद लें?
इन स्थितियाें में चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट या स्पीच एंड लैंग्वेज थेरेपिस्ट से मदद लेना चाहिए-
- अगर बच्चा स्कूल में टीचर या साथियों से बिल्कुल बात नहीं करता।
- बोलने की स्थिति में बहुत घबरा जाता है या रोने लगता है।
- अपनी जरूरतें भी नहीं बता पाता।
- इसके कारण उसकी पढ़ाई और दोस्ती प्रभावित हो रही है।
- कई हफ्तों तक प्रयास करने के बाद भी परेशानी कम नहीं हो रही।
ध्यान रखें- कुछ बच्चों में सामाजिक परिस्थितियों से जुड़ी खास एंग्जाइटी (सेलेक्टिव म्यूटिज्म) भी हो सकती है। इसका आकलन विशेषज्ञ करते हैं।
अंतिम बात
ऐसी स्थिति में पेरेंट्स का सहयोग सबसे जरूरी है। बच्चे को यह भरोसा होना चाहिए कि वह घर और स्कूल, दोनों जगह बिना किसी डर के अपनी बात कह सकता है और उसकी बात ध्यान से सुनी जाएगी।
पेरेंट्स का धैर्य, टीचर का सहयोग और धीरे-धीरे मिलने वाले सकारात्मक अनुभव बच्चे की झिझक कम करने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। याद रखें, मकसद बच्चे के स्वभाव को बदलना नहीं, बल्कि उसकी परेशानी समझकर उसे अपनी गति से सहज होने और आगे बढ़ने का मौका देना है।









