
जयपुर के मालवीय नगर में डॉ. ऋषि शर्मा के घर रात के खाने पर अक्सर मेडिकल से जुड़ी बातें होती थीं। कभी किसी मरीज पर एंटीबायोटिक बेअसर होने की चर्चा, तो कभी कैंसर की दवाओं का असर खत्म होने की।
उनका बेटा ध्रुव भी ये बातें सुनता। एक दिन उसने पूछा- पापा, अगर किसी गरीब आदमी को पता करना हो कि दवा असली है या नकली, तो वो कैसे करेगा? क्योंकि, महंगे टेस्ट कराना तो उसके बस की बात नहीं है।
यह सवाल ध्रुव के दिमाग में अटक गया। उसने दो ऐसी मेडिकल स्ट्रिप तैयार करने का आइडिया खोज निकाला, जिनसे आम आदमी भी कम पैसों में कुछ जरूरी जांच कर सके।
उसके इस आइडिया को भारत सरकार से दो पेटेंट मिल चुके हैं। 15 साल के ध्रुव की ये दोनों रिसर्च क्या हैं, इनसे जांच कैसे होगी और आम लोगों को इनसे कैसे मिल सकेगी बड़ी राहत? आज के राजस्थान एक्सप्लेनर में जानेंगे इन्हीं सवालों के जवाब।
सवाल-1: कौन हैं ध्रुव शर्मा और उसका मेडिकल क्षेत्र से क्या जुड़ाव है?
जवाब: ध्रुव शर्मा जयश्री पेरीवाल ग्लोबल स्कूल में 9वीं क्लास में पढ़ता है। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंटरनेशनल जनरल सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (IGCSE) बोर्ड से पढ़ाई कर रहा है।
उसकी मां अंजू शर्मा गृहिणी हैं। पिता डॉ. ऋषि शर्मा कैंसर स्पेशलिस्ट हैं। डॉ. ऋषि बताते हैं कि अक्सर घर में एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस और कैंसर के इलाज में दवाओं के प्रति प्रतिरोध जैसे विषयों पर चर्चा होती थी।
ध्रुव सोचता जो टेस्ट गरीब आदमी की पहुंच से बाहर हैं, उनका सस्ता विकल्प कैसे तैयार किया जा सकता है। इसी आइडिया से उसके इनोवेशन की शुरुआत हुई।

ध्रुव को बचपन से मेडिकल रिसर्च और उनसे जुड़ी जानकारियों को लेकर काफी इंटरेस्ट है।
सवाल-2: दोनों पेटेंट में कौनसी तकनीक इस्तेमाल की गई है और जांच का रिजल्ट कैसे पता चलेगा?
जवाब: दोनों पेटेंट का मकसद ऐसी जांच को आसान और कम खर्चीला बनाना है, जिसके लिए अभी लोगों को लैब तक जाना पड़ता है।
पहला पेटेंट- नकली एंटीबायोटिक पकड़ने वाली स्ट्रिप
एंटीबायोटिक के सैंपल को पानी में घोलकर उसकी एक बूंद स्ट्रिप पर डालनी होगी। 30 से 90 सेकंड में स्ट्रिप का रंग बदल जाएगा। रंग के आधार पर पता चल सकेगा कि दवा में एक्टिव इंग्रेडिएंट मौजूद है या नहीं। यह प्रक्रिया प्रेग्नेंसी टेस्ट की स्ट्रिप की तरह होगी, जिसमें सैंपल डालने के बाद रंग बदलकर रिजल्ट मिलता है।
दूसरा पेटेंट- डिहाइड्रेशन, इलेक्ट्रोलाइट और आयरन की कमी पहचानने वाली स्ट्रिप
दूसरी स्ट्रिप का मकसद शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी के शुरुआती संकेतों का पता लगाना है। इसके लिए लार या यूरिन की एक बूंद स्ट्रिप पर डालनी होगी।
इसमें सोडियम, पोटेशियम और क्लोराइड जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स के साथ आयरन की कमी से जुड़े संकेतकों की प्रारंभिक जांच करने की तकनीक पर काम किया गया है।
यानी शरीर में पानी की कमी या जरूरी तत्वों का असंतुलन होने पर शुरुआती संकेत मिल सकेंगे। दोनों स्ट्रिप को स्मार्टफोन और QR कोड बेस्ड तकनीक से जोड़े जाने की भी तैयारी की गई है।
जिसमें स्ट्रिप का रंग बदलने के बाद फोन से QR कोड स्कैन करना होगा। इससे जुड़ा एप रंग को डीकोड करके बताएगा कि रिजल्ट सामान्य है, कमी है या खतरे का संकेत है।
ध्रुव ने इन दोनों स्ट्रिप को अपनी स्कूल लैब में ही इनोवेट किया है। इन पेटेंट का काम पूरा होने के बाद ध्रुव जनाना हॉस्पिटल में डॉ. अनिता सिंबलोत के मार्गदर्शन में इंटर्नशिप भी कर रहा है।

सवाल-3: 50-60 रुपए की कीमत पर ऐसी किट तैयार करना कितना व्यावहारिक है? इसे बाजार तक कैसे पहुंचाया जाएगा?
जवाब: ध्रुव का सबसे बड़ा फोकस कीमत पर था। उसने पहले ही तय किया था कि स्ट्रिप की कीमत लगभग 50 से 60 रुपए के भीतर रखनी है, ताकि ये आम आदमी की पहुंच में हो सके।
गांव में एक साधारण इलेक्ट्रोलाइट टेस्ट के लिए 300 से 500 रुपए लगते हैं और एंटीबायोटिक की लैब जांच तो 1000 रुपए से ऊपर चली जाती है।
ध्रुव ने बताया कि, जब वह 8वीं क्लास में था तो उस समय साइंस के पीरियड के दौरान जब पेपर क्रोमैटोग्राफी का प्रिंसिपल पढ़ाया जा रहा था, तभी कम कीमत को लेकर उसके दिमाग में ये ख्याल आया।
अभी वह अपने स्कूल के टीचर्स और पिता के सहयोग से इन तकनीकों के प्रोटोटाइप पर काम कर रहा है और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उन्हें पेश करने की तैयारी कर रहा है।
ध्रुव की योजना है कि इन स्ट्रिप्स को मेडिकल स्टोर पर दवा के साथ ही रखा जाए, जैसे आज ORS का पैकेट मिलता है।
इसके अलावा सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, आशा वर्कर्स और आंगनबाड़ी के जरिए भी इन्हें गांवों तक पहुंचाया जा सकता है।

ध्रुप इस टेक्नीक को कम से कम रेट में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में जुटा है।
सवाल-4: इन दोनों समस्याओं का समय पर पता नहीं चले तो सेहत को कितना बड़ा नुकसान हो सकता है?
जवाब: नकली एंटीबायोटिक और शरीर में पानी व इलेक्ट्रोलाइट की कमी, दोनों ही गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं बन सकती हैं। इनका समय पर पता न चलने से मरीज की परेशानी काफी बढ़ सकती है।
पहला खतरा- नकली एंटीबायोटिक और एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस
WHO के मुताबिक, कम और मध्यम आय वाले देशों में बिकने वाली दवाओं का एक बड़ा हिस्सा घटिया गुणवत्ता वाला या नकली हो सकता है। कुछ रिपोर्टों में भारत के कुछ राज्यों में भी ऐसी दवाओं की हिस्सेदारी 10 से 15% तक बताई गई है।
नकली या घटिया एंटीबायोटिक में जरूरी मात्रा में एक्टिव इंग्रेडिएंट नहीं होने पर बैक्टीरिया पूरी तरह खत्म नहीं होते।
बार-बार ऐसी दवाओं के संपर्क में आने से बैक्टीरिया दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित कर सकते हैं। इसे एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस कहते हैं।
दूसरा खतरा- डिहाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन
गर्मी, उल्टी और दस्त के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है। अगर समय पर इसका पता न चले तो मरीज की हालत बिगड़ सकती है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों में यह खतरा ज्यादा रहता है।
शरीर में सोडियम और पोटेशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ने पर मांसपेशियों में कमजोरी, चक्कर और दिल की धड़कन अनियमित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर स्थिति में किडनी पर भी असर पड़ सकता है।
आयरन की कमी भी एक बड़ी समस्या है। भारत में महिलाओं और बच्चों में एनीमिया की समस्या व्यापक है। खून में हीमोग्लोबिन कम होने से थकान, कमजोरी और दूसरी सेहत से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
सवाल-5: पेटेंट मिलने के बाद ध्रुव के सामने अब कौन-सी चुनौतियां हैं?
जवाब: भारत में पेटेंट लेना आसान नहीं है, खासकर एक स्कूली छात्र के लिए। नियमों के मुताबिक, नाबालिग भी पेटेंट के लिए आवेदन कर सकता है। ऐसे मामले में कानूनी अभिभावक की भूमिका अहम होती है।
ध्रुव ने 14 साल की उम्र में पेटेंट के लिए आवेदन किया था और 15 साल की उम्र में उसे दोनों पेटेंट मिले।
एग्जामिनर यह देखता है कि आइडिया नया है या नहीं, उसमें इनोवेशन है या नहीं और उसका व्यावहारिक इस्तेमाल हो सकता है या नहीं।
अब 3 बड़े चैलेंज क्या हैं?
पहला- क्लिनिकल वैलिडेशन: स्ट्रिप कितनी सटीक जांच करती है, इसे साबित करना होगा। इसके लिए SMS मेडिकल कॉलेज, जयपुर जैसे संस्थान में 100-200 सैंपल पर परीक्षण कराने की योजना है। इससे पता चलेगा कि स्ट्रिप का रिजल्ट मानक मेडिकल जांच से कितना मेल खाता है।
दूसरा- नियामकीय मंजूरी: चूंकि ये मेडिकल जांच से जुड़ा उत्पाद है, इसलिए इसके इस्तेमाल और बिक्री से पहले संबंधित नियामक संस्था, जैसे CDSCO, से जरूरी मंजूरी लेनी होगी।
तीसरा- बड़े पैमाने पर उत्पादन: अगर परीक्षण सफल रहते हैं तो अगली चुनौती कम लागत पर बड़ी संख्या में स्ट्रिप तैयार करने की होगी। इसके लिए मशीन, उत्पादन व्यवस्था और फंडिंग की जरूरत पड़ेगी। ध्रुव का लक्ष्य अगले पांच साल में इसे बड़े स्तर पर तैयार करना है।

ध्रुव की सोच को देखते हुए जेएनयू हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज में पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. प्रवीण माथुर ने अपनी एक बड़ी रिसर्च को आगे बढ़ाने के लिए भी गाइड किया है।
उनका सपना है कि ध्रुव इस रिसर्च को आगे बढ़ाते हुए इस दिशा मेें भी कुछ प्रयास करें ताकि बच्चों से जुड़ी कुछ गंभीर समस्याओं पर भी राहत की दिशा में कार्य किया जा सके।









