
नैनवां पुलिस ने बनास नदी की बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार किया।
बूंदी के नैनवां में पुलिस ने बनास नदी की बजरी के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ड्र्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ड्र्राइवर से बजरी परिवहन की रॉयल्टी और रवन्ना मांगा, लेकिन वह वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और एमएमडीआर एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस स्टैंड से उनियारा तिराहे की ओर जा रहा था ट्रैक्टर
पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वृत्ताधिकारी नैनवां ओमप्रकाश मीणा की निगरानी में थानाधिकारी हेमराज मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
19 नवंबर को पुलिस टीम नैनवां कस्बे के बस स्टैंड से उनियारा तिराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान लाल रंग का महिंद्रा 475 डीआई ट्रैक्टर बजरी से भरी ट्रॉली लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को रुकवाकर जांच की तो ट्रॉली में बनास नदी की बजरी भरी मिली।
रवन्ना नहीं दिखाने पर ड्र्राइवर गिरफ्तार
पूछताछ में ड्र्राइवर ने अपना नाम राजूलाल (24) निवासी बड़ी पड़ाप, थाना नैनवां, जिला बूंदी बताया। पुलिस ने बजरी परिवहन से संबंधित रॉयल्टी और रवन्ना मांगा, लेकिन ड्र्राइवर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इस पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ड्र्राइवर राजूलाल को गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में दर्ज किया मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 364/2026, धारा 303(2) बीएनएस और 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी हेमराज मीणा, एएसआई प्रकाशचंद तथा कांस्टेबल आरिफ, सुरेश, कमलेश, अजय और जितेंद्र शामिल थे।







