
दिल्ली में CJP लीडर आशुतोष रांका और सौरव दास ने रिहाई के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के लीडर आशुतोष रांका ने रिहाई के बाद आरोप लगाया कि शनिवार को उन्हें, अभिजीत दीपके और सौरव दास को फ्लाइट से उतरते ही किडनैप कर लिया गया। उन्होंने कहा- सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए हजारों लोगों को हिरासत में ले रही है।
सौरव दास ने कहा- देश में इमरजेंसी जैसे हालात हैं और सरकार अपने ही लोगों से जंग लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को छावनी बना दिया गया है और प्रदर्शनकारियों की गलत छवि पेश की जा रही है।
अभिजीत दीपके, अशुतोष रांका और सौरव दास करीब 23 घंटे हिरासत में रहने के बाद रविवार सुबह 10 बजे रिहा हुए। दादी के निधन के कारण दीपके महाराष्ट्र स्थित घर रवाना हो गए। इस बीच, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी है।
कनॉट प्लेस और राजीव चौक से जंतर-मंतर जा रहे SFI, AISA समेत अन्य छात्र संगठनों के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। SFI कार्यकर्ताओं ने मारपीट का भी आरोप लगाया है। दिल्ली में भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं।

अभिजीत दीपके शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर लैंड करते ही प्लेन में उन्हें हिरासत में ले लिया गया था।








