
नमाना में बालाजी मंदिर परिसर के पास ग्राम पंचायत सड़क पर प्लास्टिक कचरा डाल रही है। इससे गंदगी और बदबू फैल रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने इस पर नाराजगी जताई है।
ग्रामीण राम प्रसाद राठौर, हेमराज, प्रेम और महेंद्र राठौर ने बताया कि प्लास्टिक कचरे से प्रदूषण और बदबू फैल रही है। बीमारी का डर है। सुबह घूमने वालों को भी बदबू झेलनी पड़ती है। उन्होंने पंचायत से जल्द कचरा हटाने की मांग की है।
सफाई कर्मचारी सुनीता हरिजन ने बताया कि ग्राम पंचायत के पास कचरा वाहन नहीं है। कचरा इकट्ठा करने की जगह 2 किलोमीटर दूर है, ले जाना मुश्किल है। इसलिए वे पास में ही डाल देते हैं।
इंचार्ज हीरालाल प्रजापत ने बताया कि ग्राम पंचायत में कचरा वाहन भेजा गया था, पर वह जल्द खराब होता है। कस्बे का कचरा बाहर ले जाने के लिए बड़े टिप्पर वाहन की जरूरत है। बड़ा वाहन मिलने पर ही सारा कचरा बाहर डल पाएगा।







