
हरियाणा के पंचकूला में 8 साल के बच्चे ने 6 साल की बच्ची पर जानलेवा हमला किया। एक स्कूल के क्लासरूम में हुई इस घटना का 59 सेकेंड का वीडियो इतना भयानक है, कि हम आपको नहीं दिखा सकते। बच्चा भारी ईंट और पैरों से हमला करके बच्ची की जान लेने पर उतारू है। पिछले कुछ सालों में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
आखिर बच्चों में इतना गुस्सा कैसे पनप रहा, हत्यारों की तरह हमला करते समय दिमाग में क्या चलता है, और इस मामले में आगे क्या होगा, जानेंगे आज के एक्सप्लेनर में…
सवाल-1: छोटी बच्ची पर हमले की क्या वजह पता चली? जवाब: ये घटना 28 अक्टूबर को हरियाणा के पंचकूला के शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल की है। आरोपी बच्चा तीसरी क्लास में पढ़ता है, जबकि बच्ची केजी में।
31 अक्टूबर को बच्ची के पेरेंट्स के साथ आए एक व्यक्ति ने बताया कि शुरुआत में आरोपी छात्र ने बच्ची के साथ कुछ शरारत की। इससे परेशान बच्ची ने उसे पागल कहते हुए टीचर्स से शिकायत करने की बात कही।
कुछ देर बाद लड़का उसके पास गया और कहा कि उसके पापा उसे ऊपर कमरे में बुला रहे हैं। बच्ची भरोसा करके उसके साथ स्कूल के फर्स्ट फ्लोर के एक क्लास रूम में चली गई। यहां बच्चे ने उस पर बेहरमी से हमला कर दिया।
पुलिस पूछताछ में भी आरोपी छात्र ने बताया कि बच्ची ने उसे पागल कहा था, जिसके बाद उसने मारपीट की। दैनिक भास्कर के रिपोर्टर ने बताया कि आरोपी छात्र के व्यवहार को लेकर पहले भी दूसरे बच्चों ने पहले भी शिकायतें की थीं। इसके बाद टीचर्स ने उसके पेरेंट्स को चेतावनी भी दी थी।
8 साल के छात्र के व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। इसके बाद टीचर्स ने छात्र और उसके परिजन को चेतावनी भी दी थी।

आरोपी बच्चे ने पहले बच्ची का सिर 2 बार बेंच पर मारा। बाल पकड़कर घसीटा। 19 बार चेहरे पर लात–घूसों से वार किया। क्लासरूम में पड़ी ईंट उठाकर 12 बार बच्ची के सिर पर हमला किया।
बच्ची को स्कूल से लाने के लिए जब उसका ऑटो वाला पहुंचा, तो उसे बच्ची नहीं मिली। फिर उसके पेरेंट्स बच्ची की तलाश में स्कूल पहुंचे। टीचर्स से पूछा, तो उन्होंने भी सटीक जानकारी नहीं दी।
बच्ची के चाचा के मुताबिक, हमला करने वाला बच्चा पार्क में खेल रहा था। उसी ने बताया- बच्ची ऊपर है, उसे किसी ने मारा है। बच्ची के पेरेंट्स का आरोप है कि रूम में ताला लगा था। करीब दो घंटे तक बच्ची वहीं पड़ी थी।
पेरेंट्स बच्ची को लेकर पहले सिविल अस्पताल गए। फिर चंडीगढ़ PGI ले जाया गया। फिलहाल बच्ची होश में है। उसकी हालत स्थिर है। बच्ची की नाक की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है।
सवाल-2: छोटी सी बात पर 8 साल का बच्चा जान लेने पर कैसे उतारू हुआ? जवाब: 2 बड़ी वजहें हैं…
1. ऑनलाइन हिंसक और अश्लील वीडियो, हिंसक गेम
- दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में सीनियर साइकोलॉजिस्ट डॉ. रोमा कुमार कहती हैं, ‘छोटी उम्र के बच्चों में गुस्से पर कंट्रोल, सहानुभूति या अपनी भावनाओं को कंट्रोल करने की क्षमता विकसित होती है। सामान्य बात पर भी उनको थोड़ा-बहुत गुस्सा आ सकता है, लेकिन अगर बच्चा बहुत हिंसक है, तो इसका मतलब है कि वह हिंसा देखता आ रहा है और इसे नॉर्मल समझने लगा है।’
- चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. जितेंद्र पिपले कहते हैं, ‘इस बच्चे के मानसिक विकास और व्यवहार से जुड़ी दिक्कत की वजह फोन पर हिंसा का ऑनलाइन कंटेंट देखना हो सकता है। बच्चों में सही-गलत की समझ धीरे-धीरे विकसित होती है। ऐसे में हिंसक कंटेंट या ऑनलाइन गेम खेलने से बच्चों को हिंसा नॉर्मल लगने लगती है। वे खुद अपराध करने लगते हैं।’
- सोशल मीडिया पर ‘गैंग कल्चर’ भी बढ़ा है। किशोर शेखी बघारने के लिए अपराध और गैंगवॉर से जुड़ा कंटेंट शेयर करते हैं। चैलेंज वीडियोज देखकर बच्चे खतरनाक काम करते हैं।
- भास्कर रिपोर्टर के मुताबिक, आरोपी छात्र के बारे में भी पता चला है कि घर के पास उसकी दोस्ती ज्यादा उम्र के लड़कों के साथ थी। वह उनके मोबाइल पर गेम खेलता और सोशल मीडिया देखता था। वह इन लड़कों के साथ झगड़ों में भी शामिल होता था। वह एक हिंसक ऑनलाइन गेम का भी आदी था।
ऐसे ही कई मामले और भी हैं, जब हिंसक या अश्लील कॉन्टेंट देखकर छोटे बच्चों या किशोरों ने गंभीर अपराध किए…
- 24 अप्रैल 2024 को मध्य प्रदेश में एक 13 साल के लड़के ने मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखा और 9 साल की बहन का रेप किया।
- जनवरी 2025 में महाराष्ट्र के कोल्हापुर में ‘बीके कंपनी’ नाम के एक गिरोह के 2 नाबालिगों सहित 7 लोगों ने विट्ठल शिंदे नाम के एक नाबालिग की हत्या करके वीडियो पोस्ट किया।
- 26 फरवरी 2025 को चेन्नई में 6 नकाबपोश लड़कों ने 28 साल के एक हिस्ट्रीशीटर का मर्डर कर दिया और सोशल मीडिया पर लिखा- रॉबर्ट 100% मर चुका है।

सितंबर 2026 में यूपी के गोरखपुर में कक्षा 4 का ये बच्चा फोन पर घंटों कॉन्टेंट देखता था। अपनी 7 साल की बहन को पोर्न दिखाकर गंदी हरकतें कीं। स्कूल में अपनी टीचर की गंदी तस्वीर बनाई।
2. मानसिक अवसाद या बचपन का कोई ट्रॉमा अपराधी
- अमेरिकी समाजशास्त्री रॉबर्ट मार्टिन की स्ट्रेन थ्योरी के मुताबिक, जब बच्चों को अपना मनपसंद गोल या कोई चीज नहीं मिलती, तो मनोवैज्ञानिक दबाव, गुस्से या झुंझलाहट में अपराध करते हैं।
- डॉ. रोमा कुमार के मुताबिक, ‘बच्चे जब समाज में अपराध देखते हैं, तो उनमें असुरक्षा पनपती है और इससे अपराध की प्रवृत्ति बढ़ती है। आपराधिक प्रवृत्ति के दोस्तों की देखा-देखी या गरीबी के चलते मानसिक रूप से परेशान होकर भी बच्चे अपराध करते हैं।’
- इसके अलावा अगर बचपन में हिंसा या भेदभाव झेला हो, तो कंट्रोल और पावर दिखाने जैसे साइकोलॉजिकल डिसऑर्डर पनपते हैं, जो अपराध की तरफ ले जाते हैं।
- अगर बच्चा किसी मानसिक अवसाद में जी रहा है, तो वो बिना परिणाम जाने अपराध करता है। दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग के मुताबिक, अपराध के मामलों में पकड़े गए 70% किशोरों को किए अपराध का नतीजा नहीं पता था।
- पंचकूला के DCP (क्राइम) अमरिंदर सिंह ने कहा है कि 7 से 12 साल तक की उम्र के बच्चे में मेडिकल एसेसमेंट किया जाता है, ताकि ये पता चल सके कि उसे घटना के नतीजे की समझ थी या नहीं। इस बच्चे का भी एसेसमेंट किया जा रहा है। बच्चे के पेरेंट्स के बैकग्राउंड की भी जांच हो रही है।
सवाल-3: क्या आजकल सभी बच्चों को ज्यादा गुस्सा आने लगा है? जवाब: हां, केरलम में तिरुवनंतपुरम के SAT अस्पताल ने अगस्त 2026 में बच्चों के बिहेवियर को लेकर एक स्टडी जारी की।
इसके मुताबिक, बीते 2 साल में केरलम के बच्चों और किशोरों में ‘आपराधिक प्रवृत्ति’ 50% से ज्यादा बढ़ी है। 2019 से 2024 के बीच यह बढ़ोत्तरी 66% रही। स्कूल में बच्चे एक-दूसरे से ज्यादा डरने लगे हैं।
डॉ. पिपले भी कहते हैं, ‘मैं आजकल बच्चों के व्यवहार में ज्यादा चिड़चिड़ापन महसूस करता हूं। उनमें गुस्से को लेकर टॉलरेंस कम हो रही है। बच्चों को हर तरह का डिजिटल कंटेंट आसानी से उपलब्ध है। पेरेंट्स में एक जनरेशन कन्फ्यूजन है कि तेजी से बदल रही दुनिया में बच्चों को कैसे हैंडल करें। ज्यादातर लोग बच्चों का दुनिया भर के कंटेंट से एक्सपोजर कंट्रोल नहीं कर पा रहे।’
सवाल-4: तो फिर बच्चों के व्यवहार को लेकर क्या सावधानियां बरतें? जवाब: डॉ. रोमा कुमार और डॉ. पिपले के मुताबिक, 5 काम जरूरी हैं…
- बच्चे मोबाइल और टीवी पर क्या देखते हैं और उसका उन पर क्या असर हो रहा है, ये पता रखने की कोशिश करते रहें।
- बच्चों से मिलने वाले बाहरी लोगों और बच्चों पर कंट्रोल नहीं कर सकते, इसलिए बच्चा बाहर से जो सीखकर आए, वो पता करके उसे सही-गलत समझाने की कोशिश करें।
- दो साल से कम उम्र के बच्चों को मोबाइल न दें। बाद में अगर चाहें, तो उसे कार्टून, कविताएं और उसकी उम्र के हिसाब से एजुकेशनल कंटेंट वीडियो दिखा सकते हैं।
- रील देखने से बच्चे बहुत कम समय में हजारों तरह का कंटेंट देखते हैं, इससे उनकी ध्यान से एक काम करने की क्षमता कम होती है, इसलिए रील के बजाय एक लॉन्ग फॉर्म वीडियो दिखाएं।
- पढ़ाई, होमवर्क में AI का बहुत इस्तेमाल न करें, इससे उनकी सोचने की क्षमता और दिमाग का विकास कम हो सकता है।
सवाल-5: आरोपी छात्र के मामले में आगे क्या होगा? जवाब: 31 अक्टूबर को आरोपी बच्चे के खिलाफ बच्ची को गंभीर चोट पहुंचाने और कैद करने के लिए BNS और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज हुई है। इसमें स्कूल प्रिंसिपल, एक क्लास इंचार्ज और एक चौकीदार का नाम भी शामिल है।
जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने बच्चे को ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया है। जहां एक्सपर्ट्स उसका मेडिकल एसेसमेंट कर रहे हैं। 4 नवंबर को बच्चे को जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।
DCP क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि भारतीय कानून के मुताबिक, 8 साल के बच्चे को सजा नहीं दी जा सकती और न ही उसे जेल भेजा जा सकता है। ऐसे मामले में बच्चे के सुधार और काउंसलिंग पर जोर दिया जाता है।

फिलहाल बच्ची की हालत ठीक है। 31 अक्टूबर की रात उसने अपनी मां के हाथ से खाना खाया।
हरियाणा सरकार ने भी एक हाई लेवल हांच कमेटी बनाई है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि किसी टीचर या प्रिंसिपल वगैरह की की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
हरियाणा के बाल अधिकार संरक्षण आयोग और मानवाधिकार आयोग भी सरकार से कार्रवाई की सिफारिश करेंगे।
मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा ने कहा कि आयोग सरकार से स्कूलों में बच्चों की मानसिकता समझने के लिए एक खास सिस्टम विकसित करने को कहेगा, ताकि ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।









