
मिठाइयों में मिलावट की शिकायतों पर सोमवार को खाद्य विभाग की राज्य सचल दल टीम ने बकेवर चौराहे की दो दुकानों से सैंपल लिए। एक दुकान की निर्माणशाला में साफ-सफाई ठीक नहीं मिलने पर वहां मिठाई बनाने पर रोक लगा दी गई।
राज्य स्तर से मिले निर्देशों पर टीम ने दोनों दुकानों में बनी मिठाइयों और उन्हें बनाने की जगह का निरीक्षण किया।
सचल दल के प्रभारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि टीम में नरेन्द्र शर्मा और जयपाल सिंह भी शामिल थे। टीम ने बकेवर चौराहे के पास बांके बिहारी मिष्ठान भंडार और श्रीकृष्णा मिष्ठान भंडार की जांच की।
बांके बिहारी मिष्ठान भंडार से बूंदी के लड्डू और श्रीकृष्णा मिष्ठान भंडार से खोया कसाटा का सैंपल लिया गया। दोनों सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि दोनों दुकानदारों को पानी की जांच, पेस्ट कंट्रोल, कर्मचारियों के हेल्थ सर्टिफिकेट और निर्माणशाला की साफ-सफाई के लिए नोटिस दिए जा रहे हैं।
एक दुकान की निर्माणशाला में साफ-सफाई ठीक नहीं मिलने पर वहां मिठाई बनाने पर रोक लगाई गई है। साफ-सफाई ठीक होने और टीम के दोबारा निरीक्षण में संतुष्ट होने के बाद ही निर्माण की अनुमति दी जाएगी।









