
पटना में शुक्रवार को पुलिस ने 3 अपराधियों का एनकाउंटर कर दिया। पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया, सुबह करीब 4.30 बजे हुई मुठभेड़ में अपराधियों ने पुलिस पर 24 राउंड फायरिंग की। करीब 20 मिनट तक दोनों ओर से गोलीबारी हुई। जवाब में पुलिस की ओर से 18 राउंड गोलियां चलाई गईं।
जवाबी फायरिंग में राजा शर्मा, बबलू कुमार, जेपी यादव घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले तीनों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों पेशेवर शूटर थे और सुपारी लेकर मर्डर करते थे।
मुठभेड़ में मनेर थाना के SHO रजनीश कुमार भी जख्मी हुए हैं। उनके हाथ में गोली लगी है। घटना शेरपुर गंगा घाट के पास की है। मौके से एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टा बरामद हुआ है।
मारे गए आरोपियों के परिजन अस्पताल में हंगामा कर रहे हैं। पुलिस के साथ हाथापाई हुई है। पथराव किया गया है, गाड़ियों के शीशे फोड़े गए हैं। परिजन एनकाउंटर को गलत बता रहे हैं। माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस-प्रशासन जवाब दो के नारे लगाए जा रहे हैं।









